Buland kesari/होशियारपुर में मंगलवार सुबह डॉ भीमराव अंबेडकर के स्टैच्यू को हथौड़े मारकर तोड़ दिया गया। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इसका वीडियो जारी किया। उसने दावा किया कि इस घटना को खालिस्तानियों ने अंजाम दिया है। पन्नू ने कहा कि ये स्टैच्यू होशियारपुर के गांव नूरपुर जट्टां में लगा था।
वीडियो में भारत, अंबेडकर और ब्राह्मणों के खिलाफ बोला गया। गांव के सरपंच शिंगारा राम ने कहा कि सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने कहा कि यह सामुदायिक भावनाओं का मामला है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
घटना का पता चलने पर पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर और गढ़शंकर के विधायक जय कृष्ण रोड़ी पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन देते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश साझा न करें। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हथौड़ों से मूर्ति और लाइटें तोड़ी सरपंच शिंगारा राम ने बताया कि बाबा साहेब की प्रतिमा को नुकीले हथियारों और हथौड़ों से नुकसान पहुंचाया गया। प्रतिमा का चेहरा तोड़ दिया गया, जबकि उसके चारों ओर लगाए गए शीशे को भी तोड़ दिया गया। हमला करने वालों ने यहां लगाई गई लाइटें भी क्षतिग्रस्त कर दीं।
पहले भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी सरपंच ने बताया कि इससे पहले भी बाबा साहेब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। जिसके बाद पंचायत ने सुरक्षा के चलते यहां शीशे की दीवार बना दी थी
माहिलपुर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज अंबेडकर सेना ऑफ इंडिया के महासचिव और चब्बेवाल क्षेत्र के भूनो गांव के रहने वाले कुलवंत सिंह भूनो (37) की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। होशियारपुर के SP (जांच) डॉ मुकेश कुमार ने कहा कि पन्नू और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 (धर्म का अपमान करने के इरादे से पूजा स्थल को नुकसान पहुंचाना या अपवित्र करना) और 61 (2) (आपराधिक साजिश) के तहत माहिलपुर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। जांच जारी है।

वीडियो में आतंकी पन्नू ने क्या कहा…
- सिखों को हिंदू धर्म का हिस्सा बताने पर किया हमला: वाहेगुरु जी का खालसा वाहेगुरु जी की फतेह। आज 31 मार्च नूरपुर जट्टां होशियारपुर में खालिस्तानी सिखों ने अंबेडकर के बुत का रेफरेंडम किया। आप देख सकते हो सिंहों ने इस बुत को तोड़ दिया है। ये बुत इसलिए तोड़ा गया क्योंकि अंबेडकर ने संविधान के तहत सिखों को हिंदू धर्म का हिस्सा बताया। संविधान के तहत जून 1984 में दरबार साहिब के ऊपर तिरंगा लहराया गया। पंजाब को श्मशानघाट बना दिया गया।
- 14 अप्रैल को अंबेडकर के बुत तोड़ने की दी धमकी: आतंकी पन्नू ने अंबेडकर के बुतों को 14 अप्रैल से तोड़ने की धमकी दी। पन्नू ने कहा कि 29 अप्रैल तक हम पूरे हिंदुस्तान के बीच खालिस्तान रेफरेंडम की वोटर रजिस्ट्रेशन शुरू करेंगे। पंजाब में अंबेडकर के बुत की कोई जगह नहीं है। पंजाब को भारत के कब्जे से आजाद करवाना चाहते हो तो पंजाब से हर गुलामी का निशान खत्म कर दो।
- अंबेडकर नहीं, गुरु रविदास आपके गुरु: पन्नू ने पंजाब के दलित समाज को भड़काने की कोशिश की। श्री गुरु ग्रंथ साहिब के तहत आपके गुरु भगत रविदास को बराबर का स्थान मिला। आपका गुरु भगत रविदास है, अंबेडकर नहीं। अंबेडकर ने आपको हिंदुस्तान के ब्राह्मणवाद की जूती के नीचे रखा हुआ है। नीची जात बनाकर रखा।ॉ
किस नेता ने क्या कहा…
बसपा ने पक्का मोर्चा लगाने की चेतावनी दी बसपा के पंजाब प्रधान अवतार सिंह करीमपुरी ने कहा कि गढ़शंकर के गांव नूरपुर जट्टां में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के बुत की बेअदबी करने का मामला सामने आया। इस बेअदबी के बारे में पन्नू ने वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। पंजाब में नौवीं बार भीमराव अंबेडकर के बुत की बेअदबी की गई है।
इस स्थान के ऊपर दूसरी बार बेअदबी की घटना घटी है। लेकिन पंजाब सरकार में अंबेडकर के प्रति नफरत भरी हुई है। जिसके कारण लगातार सूबे के बीच यह घटनाएं घट रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पंजाब पुलिस ने 72 घंटों के अंदर बेअदबी के दोषियों को न पकड़ा तो डीएसपी दफ्तर के आगे पक्का मोर्चा लगाया जाएगा।
जाखड़ बोले- राज्य सरकार कार्रवाई करने में असमर्थ पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा- यह पंजाब सरकार की प्रभावी शासन व्यवस्था की कमी को दर्शाता है, क्योंकि इस प्रकार की घटनाएं पूरे राज्य में हो रही हैं। एक तरफ पुलिस थाने भी हमलों का निशाना बन रहे हैं और दूसरी तरफ विदेशों में बैठे लोग पंजाब में नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि राज्य सरकार कार्रवाई करने में असमर्थ दिखाई दे रही है। सभी पंजाबियों से अपील करते हैं कि वे ऐसी विभाजनकारी ताकतों से सतर्क रहें और आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखें।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








