Buland kesari ;- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल आज लुधियाना के जवाहर नगर पहुंचे। यहां उन्होंने राज्यसभा सदस्य व लुधियाना वेस्ट हलके से उपचुनाव के लिए उम्मीदवार संजीव अरोड़ा के समर्थन में रैली की, वहीं लोगों की समस्याएं सुनी।
इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज लोगों से मिलकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि देश को आजाद हुए 75 साल हो गए हैं पर क्या आज तक कोई भी मुख्यमंत्री या मंत्री जवाहर कैंप में लोगों से मिलने आया। उन्होंने कहा कि किसी भी मुख्यमंत्री में इतनी हिम्मत नहीं हुई कि वह जनता को माइक देकर उनसे उनकी परेशानियां पूछे पर भगवंत मान ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं। भगवंत मान पंजाब को रंगला बनाने के लिए बड़े कदम उठा रहे हैं और अभी तो सिर्फ ट्रेलर ही था, पिक्चर देखनी अभी बाकी है।
केजरीवाल ने कहा कि पहले पार्टियां नशे का कारोबार करती थीं लेकिन आप सरकार ये धंधा नहीं करवा रही है। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति पंजाब में नशे का कारोबार करता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में अब सुधार हो रहा है और अगर पाकिस्तान से कोई ड्रोन आता है तो उसे कोई उठाने नहीं जा रहा है। 
केजरीवाल ने आगे कहा कि किसी भी नशा तस्कर या गैंगस्टर को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि 70 साल से पंजाब का जो हाल है उसमें 3 साल में सुधार हुआ है। वहीं पंजाब सरकार जिस तरह से चल रही है वह नशे और बेरोजगारी को खत्म कर देगी। बिजली को लेकर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरे देश में सिर्फ दिल्ली और पंजाब में मुफ्त बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बाकी सरकारें कहती थी कि खजाना खाली है पर आप ने ऐसा कभी नहीं कहा। इस मौके पर केजरीवाल बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि लुधियाना के जवाहर नगर में एक महीने के अंदर नई सड़कें और स्ट्रीट लाइटें लगा दी जाएंगी। इसके साथ ही गर्मियों में ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे ताकि एक मिनट के लिए भी बिजली न जाए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान पहल के आधार पर किया जाएगा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.






