Buland kesari ;- भटिंडा पुलिस ने ‘कमल कौर भाभी’ के नाम से मशहूर कंचन कुमारी की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोगा के जसप्रीत सिंह महिरों और तरनतारन के निमनजीत सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि कंचन, जो ‘कमल कौर’ के नाम से सोशल मीडिया पर सक्रिय थी, युवाओं को गुमराह कर रही थी। उन्होंने बताया कि कई बार उसे समझाया गया, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद उन्होंने उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
वे उसे कार खराब होने का बहाना बनाकर एक गैराज में ले गए और वहीं गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को उसकी ही कार में रखकर आदेश यूनिवर्सिटी की पार्किंग में छोड़ दिया।
मास्टरमाइंड अमृतपाल अब भी फरार
हत्या की साजिश रचने वाला मुख्य आरोपी अमृतपाल अभी तक फरार है। भटिंडा के एसएसपी अमनदीप कौंडल ने बताया कि उन्हें 11 जून को शाम 7:30 बजे सूचना मिली कि कैंट इलाके में खड़ी एक कार से खून और बदबू आ रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि कार के अंदर एक महिला की लाश थी, जिसकी पहचान लुधियाना निवासी कंचन कुमारी के रूप में हुई।
मां ने किया खुलासा
कंचन की मां गिरजा ने पुलिस को बताया कि 7-8 जून को एक व्यक्ति अमृतपाल उनके घर आया था और उसने कंचन को भटिंडा में एक शोरूम के प्रचार का ऑफर दिया। कंचन ने प्रस्ताव मान लिया। 9 जून को अमृतपाल ने फोन करके उसे भटिंडा बुलाया। कंचन ने कहा था कि वह काम खत्म करके वापस लौट आएगी, लेकिन रात 11 बजे के बाद उसका फोन बंद हो गया।
हत्या की पूरी साजिश
एसएसपी के अनुसार, अमृतपाल के कहने पर जसप्रीत और निमनजीत ने कंचन को भटिंडा बुलाया और उसे कार की मरम्मत के बहाने भुच्चो मंडी के एक गैराज में ले गए। वहीं उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। फिर उसकी लाश को कार में डालकर आदेश यूनिवर्सिटी की पार्किंग में छोड़ दिया गया।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ये सब अमृतपाल के कहने पर किया। उनका आरोप है कि कंचन उर्फ कमल कौर वीडियो के जरिए युवाओं को गलत रास्ते पर ले जा रही थी और चेतावनी के बावजूद नहीं मानी।
पुलिस की टीमें अब अमृतपाल की गिरफ्तारी के लिए जुटी हुई हैं।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.









