Buland kesari/कनाडा के ओंटारियो के एलमवेल में गाड़ियों में पेट्रोल की जगह पानी भरने पर पंजाबी मूल के व्यक्ति का पेट्रोल पंप सील कर दिया गया। एक महीने से पेट्रोल पंप की जांच चल रही है। पंप मालिक का कहना है कि ये सब गलती से हुआ है। मुझे नहीं पता कि कैसे पानी आ गया।
लोगों के कमेंट के बाद से पंप मालिक सुखविंदर कंधोला ने कहा कि गाड़ियां खराब होने के बाद क्लेम के लिए लोग उनको परेशान कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर उल्टा सीधा कह रहे हैं जिससे वह बहुत परेशान हैं। बता दें कि यहां से पेट्रोल और डीजल भरवाने वाले लगभग 18 ग्राहकों की गाड़ियां कुछ ही किलोमीटर चलकर बंद हो गईं।
जांच में पाया गया कि पेट्रोल में 50% से अधिक पानी मिला हुआ था, जिससे इंजन हाइड्रोलिक लॉक हो गए और लोगों को 4 लाख रुपए तक के रिपेयर बिल का सामना करना पड़ा। लोगों की शिकायतों के बाद टेक्निकल स्टैंडर्ड्स एंड सेफ्टी अथॉरिटी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्टेशन को बंद कर दिया है। स्टेशन मालिक सुखविंदर कंधोला ने इसे अनजानी तकनीकी खराबी बताते हुए सोशल मीडिया पर हो रहे हेट कमेंट्स पर चिंता जताई है।

जानें क्या है पूरा घटनाक्रम
- पेट्रोल भरवाने के बाद आने लगी गाड़ियों में खराबी:मार्च 2026 अंत और अप्रैल के पहले हफ्ते क्रॉसलैंड्स रोड स्थित एसो स्टेशन से पेट्रोल पंप भरवाने के तुरंत बाद गाड़ियों में खराबी आने लगीं। जेरेमी नाडू जैसे ग्राहकों का वर्क ट्रक महज 10 किमी चलकर बंद हो गया, जबकि लिंडसे फिट्ज़गेराल्ड की 2 साल पुरानी सुबारू अगले दिन स्टार्ट ही नहीं हुई। मैकेनिक्स ने जब फ्यूल टैंक खोला, तो उसमें आधे से ज्यादा पानी मिला।
- टीएसएसए ने पंप को कर दिया सील: शिकायतें बढ़ने पर सरकारी संस्था टीएसएसए ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने पाया कि स्टेशन के अंडरग्राउंड टैंकों में पानी का रिसाव हुआ था। सुरक्षा के मद्देनजर, स्टेशन को तुरंत बंद (शटडाउन) कर दिया गया और दोनों टैंकों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई। फिलहाल एक इंजीनियरिंग कंपनी इस रिसाव के तकनीकी कारणों की जांच कर रही है।
- रिपेयर बिल देख प्रभावित ग्राहकों का दर्द दर्ज छलका: ग्राहकों के लिए गाड़ियों की रिपेयर आर्थिक बोझ बन गई। ग्राहक लिंडसे फिट्ज़गेराल्ड ने कहा कि उसे पहले 1 लाख रुपए का खर्च बताया गया था, लेकिन समय रहते सफाई होने से 16 हजार रुपए लगे। उन्होंने पंप मालिक से हर्जाने की मांग की है। जेरेमी नाडू ने बताया कि उनकी गाड़ी का बिल 1 लाख 8 हजार से ऊपर का आया है। अन्य ग्राहकों ने भी सोशल मीडिया पर 1 से 4 लाख रुपए तक का रिपेयर बिल आने की बात कही है।

स्टेशन मालिक बोला-सबके लिए इंश्योरेंस क्लेम खोल दिया लोगों की मांग के बाद कंपनी मालिक सुखविंदर कंधोला ने बताया कि वह 2018 से यह स्टेशन चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऑटोमैटिक मॉनिटरिंग सिस्टम पानी का पता लगाने में विफल रहा। उन्होंने प्रभावित ग्राहकों से माफी मांगी है और अपनी इंश्योरेंस कंपनी के माध्यम से क्लेम सेटल करने की प्रक्रिया शुरू की है। मामले ने तब तूल पकड़ा जब मालिक ने एक इंटरव्यू में ऑनलाइन हो रहे रेसिज्म (नस्लवाद) और हेट कमेंट्स की शिकायत की।
उन्होंने कहा कि इन कमेंट्स से उनका मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। इसके जवाब में सोशल मीडिया (एक्स और रेडिट) पर लोग भड़क गए। ग्राहकों का तर्क है कि असली पीड़ित वे परिवार हैं जिनकी गाड़ियां खराब हुईं और जिनके पास रिपेयर के पैसे नहीं हैं, जबकि मालिक खुद को ‘विक्टिम’ के रूप में पेश कर रहे हैं।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








