Buland Kesari/ जालंधर;शहर के बाग कrम बख्श इलाके की एक तंग गली में खुलेआम कूड़ा और पुराना फर्नीचर जलाए जाने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सड़क किनारे रखे पुराने फर्नीचर में आग लगाकर उसे जला दिया गया, जिससे इलाके में घना धुआं फैल गया और राहगीरों व स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि गली के बीचों-बीच आग जल रही है, ठीक उसके पास से लोग अपने वाहन निकालने को मजबूर हैं। ऊपर से बिजली के खुले और उलझे तार किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं।
आग के कारण उठता जहरीला धुआं आसपास के घरों और दुकानों तक पहुंच गया, जिससे छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में परेशानी की शिकायत होने लगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कूड़ा उठाने और साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। कई बार नगर निगम और संबंधित पार्षद को इस बारे में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मजबूरी में कुछ लोग कूड़ा और पुराना फर्नीचर खुद ही आग लगाकर नष्ट कर देते हैं, जो बाद में पूरे इलाके के लिए खतरा बन जाता है।
इलाका वासियों ने सवाल उठाया है कि जब नगर निगम का काम सफाई व्यवस्था बनाए रखना है, तो फिर लोगों को इस तरह आग लगाने के लिए मजबूर क्यों होना पड़ रहा है? क्या किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा है?
इलाके के लोगों ने मांग की है कि:
1) तुरंत गली की सफाई करवाई जाए
2) कूड़ा उठाने की नियमित व्यवस्था लागू की जाए
3) जिम्मेदार अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षद की जवाबदेही तय की जाए
4) दोबारा ऐसी घटना न हो, इसके लिए सख्त निर्देश जारी किए जाएं
5) इलाके में कूड़ा जलाने वालों की पहचान करके उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए
अगर समय रहते प्रशासन जागा नहीं, तो इसका खामियाजा किसी बड़े हादसे के रूप में भी सामने आ सकता है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








