Buland kesari/जालंधर शहर के रिहायशी इलाके बूटा मंडी में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लकड़ी के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई दिया।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार, जालंधर के बूटा मंडी इलाके में स्थित एक लकड़ी के गोदाम में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे अचानक आग लग गई। आग लगते ही कुछ ही मिनटों में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में लकड़ी रखी होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जो काफी दूर से देखा जा सकता था।
आग लगने के बाद मची अफरा- तफरी
आग लगने की घटना से आसपास की गलियों और रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने के लिए बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनके प्रयास नाकाम साबित हुए।

फायर ब्रिगेड विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची
स्थिति को बिगड़ता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। गोदाम में लकड़ी होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन गोदाम में रखा सारा लकड़ी का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








