**मनोरंजन कालिया से लेकर गुलशन कुकरेजा तक दावेदारों के नाम चर्चा में; शैली खन्ना भी दौड़ में, गठबंधन हुआ तो संयुक्त उम्मीदवार की बन सकती है संभावना**
Buland Kesari/ BJP candidate in Jalandhar central: पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी दो चरणों में 70 से अधिक उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। जालंधर सेंट्रल सीट से पार्टी ने नितिन कोहली को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक राजेंद्र बेरी उम्मीदवार के रूप में सामने आ सकते हैं। ऐसे में अब सबकी नजरें भाजपा के उम्मीदवार के ऐलान पर टिकी हैं।
भाजपा की संभावित सूची में फिलहाल चार नामों की चर्चा है। इनमें सबसे आगे पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मनोरंजन कालिया का नाम बताया जा रहा है। दूसरे नंबर पर भाजपा और आरएसएस से जुड़े उद्योगपति गुलशन कुकरेजा की चर्चा है। गुलशन कुकरेजा को मनोरंजन कालिया का करीबी भी माना जाता है।
इसके अलावा पूर्व भाजपा नेता राकेश राठौर का नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल है। चुनाव नजदीक आते ही उनका नाम चर्चा में आता रहा है, हालांकि अब तक उन्हें टिकट नहीं मिल पाई। वहीं, चौथा नाम महिला नेत्री शैली खन्ना का है। शैली खन्ना वर्ष 2018 से 2023 तक जालंधर नगर निगम के वार्ड नंबर 17 से भाजपा की पार्षद रह चुकी हैं। उनके वार्ड में सूर्या एन्क्लेव सहित गुरु गोबिंद सिंह एवेन्यू, कोमल विहार, बशीरपुरा और रॉयल एन्क्लेव जैसे इलाके शामिल थे।
इस सीट का चुनावी समीकरण भाजपा और अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन पर भी निर्भर कर सकता है। यदि दोनों दलों के बीच चुनावी समझौता होता है तो जालंधर सेंट्रल में संयुक्त उम्मीदवार उतारे जाने की संभावना बन सकती है। लेकिन यदि सहमति नहीं बनती तो अकाली दल भी अपना अलग उम्मीदवार मैदान में उतार सकता है।
अब सवाल यह है कि भाजपा अपने इन चार संभावित चेहरों में से किस पर भरोसा जताती है? क्या मनोरंजन कालिया को फिर मौका मिलेगा या पार्टी किसी नए चेहरे पर दांव लगाएगी? साथ ही, क्या भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन इस सीट के उम्मीदवार का फैसला करेगा? जालंधर सेंट्रल की चुनावी तस्वीर इन राजनीतिक फैसलों के बाद ही साफ होगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.







