Buland kesari/जालंधर : त्योहारी सीजन में शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है। शुक्रवार सुबह नगर निगम यूनियन ने अचानक काम बंद कर दिया और निगम परिसर में अपने वाहनों को खड़ा कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे पूरे शहर में कचरे की लिफ्टिंग रुक गई। सुबह डंप साइट पर कचरा उठाने का काम पूरी तरह बंद रहा। इसके चलते नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। निगम दफ्तर में भी कर्मचारियों ने धरना देकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने साफ कर दिया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगी।
धरने के दौरान मौके पर नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि पहुंचे। यूनियन पदाधिकारियों ने उन्हें अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा और दो दिन का अल्टीमेटम दिया। यूनियन के प्रमुख पदाधिकारी सत्री सहोता ने कहा कि यदि प्रशासन ने निर्धारित समय सीमा के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो सोमवार से नगर निगम की सभी यूनियनें अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली जाएंगी।
यूनियन का कहना है कि लंबे समय से कर्मचारियों की समस्याओं को अनदेखा किया जा रहा है। निगम में जेसीबी ऑपरेटरों और जेटिंग मशीन ड्राइवरों को न तो स्थायी किया जा रहा है और न ही उन्हें डीसी रेट पर रखा जा रहा है। इसी तरह सफाई कर्मियों और सीवरमैन को भी स्थायी ड्राइवर के रूप में पदोन्नति देने की मांग लंबे समय से की जा रही है। कर्मचारियों का आरोप है कि निगम द्वारा ठेके पर चल रही गाड़ियों के जरिए काम करवाया जा रहा है, जबकि निगम अपने वाहन खरीदकर यह जिम्मेदारी खुद निभा सकता है।
यूनियन नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि निगम में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। पेट्रोल पंप और वर्कशॉप के कर्मचारियों को रोटेशन के आधार पर लगाने की उनकी मांग को भी नज़रअंदाज किया जा रहा है। साथ ही आउटसोर्स कर्मियों को स्थायी करने और नई मशीनरी को वरिष्ठता के आधार पर स्थायी कर्मचारियों को देने की बात भी अब तक पूरी नहीं हुई है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.









