Buland kesari/लुधियाना में अब चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे अकेले नहीं बल्कि परिवार के साथ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला लुधियाना के कुंदन पुरी इलाके का है जहां एक दंपती (बंटी-बबली) ने शातिर तरीके से एक स्कूटी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
स्कूटी मालिक ने बताया कि वह घर के अंदर मौजूद था और उसकी स्कूटी बाहर ही खड़ी थी। कुछ देर बाद जब वह अपने काम पर जाने के लिए घर से बाहर निकला तो बाहर से स्कूटी गायब थी। पहले उसने आस-पास तलाश की लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

CCTV में दिखा ‘बंटी-बबली’ का शातिर अंदाज
फुटेज देखने पर पता चला कि चोरी की इस वारदात को एक महिला और पुरुष ने अंजाम दिया है। जिन्हें इलाके में ‘बंटी-बबली’ कहा जा रहा है। पहले महिला पास की एक दुकान में ग्राहक बनकर अंदर चली जाती है, ताकि किसी को शक न हो। बाहर खड़ा उसका पति स्कूटी की रेकी करता है।
मौका मिलते ही वह एक मास्टर की (नकली चाबी) निकालता है और महज 5 सेकंड में स्कूटी का लॉक खोल देता है। इसी बीच महिला दुकान से बाहर निकलती है और पास से गुजर रहे ई-रिक्शा चालक से बात करके उसे बातों में उलझाए रखती है। जैसे ही स्कूटी स्टार्ट होती है महिला पीछे बैठती है और दोनों रफूचक्कर हो जाते हैं।
पुलिस का क्या है कहना?
इस मामले में चौकी कैलाश नगर के इंचार्ज ने बताया कि पुलिस के पास चोरी की लिखित शिकायत मिली है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस ‘बंटी-बबली’ जोड़ी को गिरफ्तार कर स्कूटी बरामद कर ली जाएगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








