Buland kesari ;- नई दिल्ली: मॉनसून इस बार 12 दिन पहले ही महाराष्ट्र पहुंच गया। मुंबई में बारिश ने भारी तबाही मचाई है। भारी बारिश की वजह से मुंबई पानी से लबालब भर गई है। लोगों को घर से निकलना दूभर हो गया है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र समेत गोवा, कर्नाटक और केरल के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में इन राज्यों में भारी से भारी बारिश होने का अनुमान है। मुंबई में प्रशासन ने लोगों से घरों में ही रहने की अपील की है। वहीं मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली और महाराष्ट्र के लिए ‘हेजार्ड वॉर्निंग’जारी की है। इसका मतलब तेज हवाओं और बारिश की वजह से काफी नुकसान होने की आशंका है।
75 साल में पहली बार इतना जल्दी मुंबई पहुंच गया मॉनसून:
मौसम विभाग के मुताबिक 75 साल में पहली बार इतनी जल्दी मॉनसून मुंबई पहुंच गया है। मॉनसून इस बार तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुंबई में झणाझम बारिश के बाद मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियामा में भी 40 से 50 किलोमीट की गति से चलने वाली हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कई जगहों पर बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून के गति पकड़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। ऐसे में कर्नाटक और महाराष्ट्र में बारिश और तेज हो सकती है। मौसम विभाग की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने कहा कि 75 साल में पहली बार इतनी जल्दी मॉनसून मुंबई पहुंच गया है। सोमवार को मॉनसून मुंबई में दस्तक दे चुका है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि भारी बारिश में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने कहा, हम अलर्ट मोड में हैं। बीएमसी, आर्मी और नेवी भी आपस में सहयोग से काम कर रही हैं। मुंबई में भारी बारिश के चलते लोकल ट्रेनों को नियंत्रित गति से चलाया जा रहा है। कुछ लोकल ट्रेनों को कुरला, दादर और परेल में ही रोक दिया गया।
कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम:
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। आंधी-तूफान की संभावना के बीच दिल्ली के लिए हेजार्ड वॉर्निंग जारी की गई है। मंगलवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। महीने के आखिरी में दिल्ली में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि गुजरात में भी 30 मई तक बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। कुछ जगहों पर तेज हवाएँ चलने का अनुमान है। वहीं राजस्थान में अभी लू और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। 28 मई के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








