Buland kesari/दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरुवार तड़के एक जिम के बाहर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह जिम दिल्ली में राजौरी गार्डन के रहने वाले 2 कारोबारियों का है। इसके ब्रांड एंबेसडर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा हैं।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर कुख्यात लॉरेंस गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। इसमें गुरु रंधावा के बारे में लिखा है- इसे समझाया था कि सलमान खान से दूर रह, वह हमारा दुश्मन है, लेकिन ये उसके बहुत करीबी बन रहा था। जितने भी देशद्रोही हैं, जहां भी छिपे हैं, वहीं पर मारेंगे।
हमलावरों ने जिम पर कम से कम 7 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, वारदात में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जबरन वसूली, गैंगवार और आपसी रंजिश समेत सभी एंगल से जांच शुरू कर दी है।

केयरटेकर के पहुंचने पर हुआ खुलासा
घटना का पता तब चला जब सुबह करीब सवा 5 बजे जिम के केयरटेकर वहां पहुंचे। जिम के शीशे टूटे देख और गोलियों के निशान पाकर उन्होंने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
जांच के लिए तुरंत फोरेंसिक टीम (FSL) को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से खाली कारतूस और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के लिए जिम के आसपास और भागने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
जांच में सामने आया है कि जिस फिटनेस सेंटर पर हमला हुआ है, उसके मालिक राजौरी गार्डन के रहने वाले दो व्यवसायी हैं। वहीं, एक बेहद मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा इस जिम के ब्रांड एंबेसडर हैं। इसी वजह से इस हमले को काफी गंभीरता से लिया जा रहा है।
रंगदारी और आपसी रंजिश के एंगल से जांच शुरू
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, मामले की तफ्तीश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस इस मामले को फिरौती, गैंगस्टरों की आपसी रंजिश और मालिकों की किसी निजी दुश्मनी के एंगल से जोड़कर देख रही है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं।
सामने आई पोस्ट में क्या-क्या लिखा…
घटना के बाद वायरल की गई पोस्ट में लिखा है- जय महाकाल, जय श्री राम, राम राम सभी भाइयों को। जो आज ये 24HS FITNESS (24 आवर्स फिटनेस) दिल्ली में गुरु रंधावा की जिम पर जो फायरिंग हुई है, वह मैंने अनिल पंडित USA और लॉरेंस ग्रुप ने की है।
पोस्ट में आगे लिखा है- ये सलमान खान से कुछ ज्यादा ही करीबी हो रहा था। इसे हमने पहले भी समझाया था कि इससे दूर रहो, ये हमारा दुश्मन है, लेकिन इसको समझ नहीं आई और जितने भी हमारे दुश्मन हैं वे किसी भी कोने में छुप जाएं, जल्दी ही सबसे मुलाकात होगी। वेट एंड वॉच।
पोस्ट में अंत में नोट लगाकर लिखा गया है- और जितने भी ये देशद्रोही हैं, जो देश के खिलाफ साजिश रचते हैं, दुनिया के किसी भी कोने में छुप जाना, वहीं पर ही मारेंगे।
अंत में सलाम साहिदा नू, लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप, जितेंद्र गोगी मान ग्रुप, हैरी बॉक्सर, आरजू बिश्नोई, टायसन बिश्नोई, शुभम लोंकर, हरमन संधू और अंकित सेरसा का नाम लिखा है।

जिम से कैसे जुड़े गुरु रंधावा, जानिए…
पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा दिल्ली के मशहूर जिम ब्रांड एनीटाइम फिटनेस के ब्रांड एंबेसडर हैं। एनीटाइम फिटनेस 24 घंटे खुला रहने वाला एक ग्लोबल फिटनेस क्लब (जिम) चेन है, और गुरु रंधावा भारत में इसके प्रमुख चेहरों में से एक हैं।
गुरु रंधावा फिटनेस इंडस्ट्री में दो अलग-अलग तरह से जुड़े हुए हैं। रंधावा ने जुलाई 2025 में दिल्ली के होटल ले मेरिडियन में एक बिल्कुल नए प्रीमियम जिम ब्रांड ’24Hs Fitness’ का उद्घाटन किया था। इस नए जिम ब्रांड में वह न सिर्फ ब्रांड एंबेसडर हैं, बल्कि इसके को-फाउंडर भी हैं।
गुरु रंधावा काफी समय से भारत में फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को बढ़ावा देने के लिए एनीटाइम फिटनेस के साथ भी क्लोजली जुड़े रहे हैं और उनके कई कैंपेन्स का प्रमुख चेहरा रहे हैं।
भारत में दो डायरेक्टर्स पर जिम्मेदारी
एनीटाइम फिटनेस एक ग्लोबल फ्रेंचाइजी मॉडल है। भारत में इस मास्टर फ्रेंचाइजी को चलाने और हेड करने की जिम्मेदारी मुख्य रूप से दो डायरेक्टर्स के पास है। विकास जैन भारत में एनीटाइम फिटनेस के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) हैं। वहीं, विशाल क्वात्रा कंपनी के डायरेक्टर हैं।
अमेरिका में हुई इस ब्रांड की शुरुआत
ग्लोबल लेवल पर इसकी शुरुआत साल 2002 में अमेरिका में चक रूनियन, डेव मोटेंसेंन और जेफ क्लिंगर ने मिलकर की थी। वैश्विक स्तर पर यह जिम चेन सेल्फ एस्टीम ब्रांड्स के अंतर्गत आती है।
एनीटाइम फिटनेस के दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में 150 से भी ज्यादा जिम लोकेशंस हैं। फ्रेंचाइजी मॉडल होने के कारण दिल्ली के अलग-अलग इलाकों जैसे; कनॉट प्लेस, द्वारका, ग्रेटर कैलाश के पर्सनल जिम आउटलेट्स के लोकल ओनर या फ्रेंचाइजी पार्टनर्स अलग-अलग (बिजनेसमैन या इन्वेस्टर्स) होते हैं।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








