Buland kesari/लुधियाना के नीम वाला चौक पर रविवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सामान से लदा ट्रक सड़क किनारे स्थित एक दुकान के बाहरी हिस्से से टकरा गया। इससे दुकान का अगला हिस्सा (फ्रंट) टूट गया और शीशे चकनाचूर हो गए। दुकानदार ने ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए करीब 2 लाख रुपये के नुकसान की बात कही है। हालांकि CCTV फुटेज ने मामले में नया मोड़ ला दिया है।
दुकानदार शब्बीर अहमद ने बताया कि वह रोज़ा रखकर नमाज़ अदा करने के बाद दुकान में बैठे ही थे कि अचानक एक ट्रक दुकान के अंदर की तरफ आ गया। शब्बीर के मुताबिक हमने बहुत शोर मचाया लेकिन ड्राइवर नहीं रुका। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि दुकान के बाहर लगा तिरपाल और शीशे पूरी तरह टूट गए। जो कांच चाय और खाने-पीने के सामान में गिरा उससे सब बर्बाद हो गया। हम बाल-बाल बचे हैं।

ड्राइवर ने कहा- बाहर लटकी छतरी से हादसा
ट्रक ड्राइवर जीत सिंह ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि वह सरदार फीड्स की मिल में सामान पहुँचाने जा रहा था। जीत सिंह ने कहा मैं 15-20 साल से ट्रक चला रहा हूँ आज तक कोई हादसा नहीं हुआ। गली इतनी तंग है कि गाड़ी दूसरे गियर से ऊपर जा ही नहीं सकती। दुकान की छतरी/तिरपाल बाहर की तरफ लटका था जो ट्रक के ऊपरी हिस्से में फंस गया और खिंचने की वजह से नुकसान हुआ। ड्राइवर ने मौके पर ही अपना मेडिकल टेस्ट कराने की चुनौती भी दी।

सीसीटीवी में- दुकान की छतरी फंसी, खिंचाव से हादसा
इस पूरे मामले में सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि ट्रक अपनी सामान्य गति से दुकान के पास से गुज़र रहा था। लेकिन दुकान के बाहर निकली हुई छतरी ट्रक के ऊपर फंस गई, जिससे खिंचाव पैदा हुआ और पूरी दुकान का अगला हिस्सा ढह गया।

ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू
मौके पर पहुँचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है केवल आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस के अनुसार ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है दोनों पक्षों को बुलाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








