Buland Kesari/ बिहार के सीवान जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में पटाखे बनाने के दौरान हुए जोरदार विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में करीब सात लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, जिला प्रशासन ने अभी तक केवल दो से तीन शव बरामद होने की जानकारी दी है। मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के चलते राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
शाम साढ़े पांच बजे हुआ धमाका, गांव में मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन के घर में पटाखे बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई और घर में रखे पटाखों में एक के बाद एक विस्फोट होने लगे। धमाके इतने तेज थे कि मकान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
विस्फोट की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन धमाकों के कारण किसी को शुरुआत में यह समझ नहीं आया कि हादसा कहां हुआ है। बाद में पता चला कि विस्फोट अमीरुद्दीन के घर में हुआ है।
एक ही परिवार के पांच लोगों के शामिल होने की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, हादसे में पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन, उनकी तीन पोतियों, एक पोते और दो मजदूरों के हताहत होने की बात सामने आई है। इस तरह मृतकों की संख्या करीब सात बताई जा रही है। हालांकि, इन सभी की मौत की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कुछ शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में घर के बाहर जा गिरे। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है।
डीएम बोले- मलबे की जांच के बाद स्पष्ट होगी संख्या
सीवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने बताया कि अब तक दो से तीन शव ही बरामद किए जा सके हैं। अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। बचाव दल घर के भीतर प्रवेश कर तलाशी अभियान चला रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मलबे की पूरी तरह जांच होने के बाद ही हताहतों की सही संख्या सामने आ सकेगी।
पटाखों में लगातार विस्फोट से बचाव कार्य में मुश्किल
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। घर के भीतर मौजूद पटाखों में रह-रहकर हो रहे विस्फोट के कारण राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटा है।
इस बीच, हादसे के दौरान पटाखा कारोबारी की बहू आग लगने की जानकारी मिलते ही किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रही और उसकी जान बच गई।
फिलहाल पुलिस विस्फोट के कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन की ओर से बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








