Buland kesari/जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बने चौलांग टोल प्लाजा पर खड़ी पिकअप में अर्टिगा कार घुस गई। जिससे कार सवार प्रिंसिपल मां और बेटे और पिकअप ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि पिकअप का क्लीनर गंभीर रूप से घायल है।
हादसा सोमवार रात करीब 9 बजे हुआ। हादसे के बाद टोल प्लाजा कर्मियों ने घायलों को गाड़ियों से बाहर निकाला। मृतकों में दसूहा के केएमएस कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. शबनम सैनी, उनका 18 वर्षीय बेटे तुषांत, पिकअप ड्राइवर राहुल उर्फ मिट्टू शामिल हैं। ड्राइवर भी गुरदासपुर का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल डॉ. शबनम अपने बेटे तुषांत के साथ अमेरिका से आई अपनी बेटी से मिलने जालंधर गई थीं। शाम को उनसे मिलकर घर वापस आ रही थीं। इसी दौरान हादसा हो गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पिकअप की लाइट न जलने से दिखी नहीं
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, रात होने के बावजूद गाड़ी की पार्किंग लाइट भी नहीं जल रही थी। इस दौरान पीछे से आई अर्टिगा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें अर्टिगा सवार मां-बेटे और पिकअप ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि पिकअप का क्लीनर जख्मी हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पिकअप पलट गई और अर्टिगा के आगे के हिस्से के परखचे उड़ गए।

जालंधर जा रहा था पिकअप ड्राइवर
उधर, पिकअप के घायल क्लीनर विलियम ने बताया कि वह गाड़ी खाली करके जालंधर से वापस लौट रहे थे। वह टोल प्लाजा पर कुछ समय के लिए रुक गए। इस दौरान अचानक गाड़ी के पीछे से आकर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी गाड़ी पलट गई और ड्राइवर राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।

मामले की जांच कर रही पुलिस
टोल प्लाजा के कर्मचारी अमन ने बताया कि अचानक जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी थी। आसपास देखा तो हादसा हो चुका था। उन्होंने अपने साथियों के साथ तुरंत वहां पहुंच घायलों को गाड़ियों से निकालने की कोशिश की। एसएचओ गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने बताया कि 9 बजे करीब हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। फिलहाल मामले की जांच कर रहे हैं।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








