Buland kesari/अमृतसर के सचखंड श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) की ओर जाने वाले पवित्र मार्ग ‘हेरिटेज स्ट्रीट’ पर वीरवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद प्री-वेडिंग फोटोशूट करने पहुंचे कई जोड़ों को पुलिस ने मौके से खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ जोड़ों और फोटोग्राफर्स ने पुलिस के साथ बहस भी की, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें वहां से जाने पर मजबूर कर दिया।
मर्यादा और रील का टकराव
हेरिटेज स्ट्रीट अपनी भव्यता और ऐतिहासिक स्वरूप के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन पिछले कुछ समय से यह स्थान फोटोशूट और रील बनाने का केंद्र बन गया था। श्रद्धालुओं की शिकायत थी कि जहाँ सुबह-सुबह संगत गुरबाणी का पाठ करते हुए नतमस्तक होने जाती है, वहीं कपल्स फिल्मी अंदाज में पोज देते हैं, जिससे इस पवित्र स्थान की आध्यात्मिक शांति भंग होती है।

विवाद की पृष्ठभूमि: हेरिटेज स्ट्रीट पर व्यावसायिक और प्री-वेडिंग शूट का विवाद नया नहीं है। जनवरी 2024 से यह विरोध बढ़ा है
- जनवरी 2024: श्रद्धालुओं और निहंग सिंह जत्थेबंदियों ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया था।
- फरवरी 2024: SGPC (शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति) के सचिव प्रताप सिंह ने जिला प्रशासन के समक्ष मुद्दा उठाया, जिसके बाद प्रशासन ने यहां प्री-वेडिंग शूट पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था।
- ऐतिहासिक संदर्भ: इससे पहले 8 फरवरी 2020 को श्री दरबार साहिब परिसर के भीतर भी वीडियो और टिक-टॉक बनाने पर रोक लगा दी गई थी।
प्रशासन की चेतावनी: हो सकती है कानूनी कार्रवाई: पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हेरिटेज स्ट्रीट केवल श्रद्धालुओं के लिए है।
जानिए क्या करने पर होगी कार्रवाई
- व्यावसायिक फोटोग्राफी और अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के आरोप में कानूनी मामला दर्ज किया जा सकता है।
- जगह-जगह बोर्ड लगाकर पहले ही इस रोक की जानकारी दी जा चुकी है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








