Buland kesari/ उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में लगातार लैंडस्लाइड और बादल फटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं ताजा मामला चमोली में बादल फटने का सामने आया है। जहां बादल फटने से भारी तबाही मच गई। मिली जानकारी के अनुसार जिले के नंदानगर में देर रात बादल फटने से 10 लोगों के लापता होने की सूचना है। जिसमें कुंतरी लगफाली में 8 और धुरमा में 2 लोग लापता हैं। जबकि, 6 घर ध्वस्त हो गए। एनडीआरएफ भी गौचर से नन्दप्रयाग को रवाना हो गयी है। मेडिकल टीम, तीन 108 एम्बुलेंस मौके पर रवाना कर दी गई है। लापता लोगों में से दो लोगों को रेस्क्यू टीम ने बचा लिया। बाकी लोगों की तलाश जारी है।
चमोली जनपद में मौसम विभाग का अलर्ट सही साबित हुआ है। जनपद के नंदानगर में भारी बारिश के चलते काफी नुकसान हुआ है। यहां के कुंतरी गांव में कई घर मलबे की चपेट में आ गए हैं। कुछ लोगों का अभी पता नहीं चल पा रहा है। स्थानीय लोग और नंदानगर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचने की कोशिश कर रही है, लेकिन हालात इतने भयावह हैं कि मौके पर पहुंचने के लिए काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई लोगों से जो बात हुई है वह घरों में फंसे हुए हैं। कुछ लोग लापता भी बताये जा रहे हैं। हालांकि, अभी अंधेरा होने के चलते उन सभी लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। जिला प्रशासन की टीम भी मुख्यालय से नंदानगर के लिए रवाना हो गई है। लगातार बारिश के चलते लोगों को नुकसान बढ़ता ही जा रहा है। जैसे-जैसे प्रशासन की टीम और स्थानीय लोगों से बात होती है तो चीज स्पष्ट होगी कि कितने लोग लापता हैं।
स्थानीय निवासी नंदन सिंह रावत ने बताया कुंतरी गांव में कई घर मलबे में दब गए हैं। लोगों का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। उन्होंने बताया कुछ लोगों से फोन पर बात हुई जो घरों में फंसे हैं। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया नंदानगर के कुंतरी में बादल फटने की घटना की जानकारी मिली है। नुकसान और जनहानि की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। जेसीबी मशीनों को मौके पर भेजवाया गया है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








