Buland kesari ;- पिछले कुछ महीनों से भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र खासकर नरोट जैमल सिंह और बमियाल सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए हेरोइन की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी सिलसिले में एक बार फिर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए बमियाल सेक्टर में हेरोइन सप्लाई करने का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मोहम्मद शरीफ के रूप में हुई है, जो बमियाल के नज़दीक उझ दरिया के किनारे स्थित दोस्तपुर गांव का रहने वाला है। बताया गया कि भारत-पाकिस्तान सीमा से आरोपी के घर की दूरी मात्र 2-3 किलोमीटर है। इस मामले में जब पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने कबूल किया कि 7 जनवरी 2025 को उसने पाकिस्तान में तस्करों से फोन पर संपर्क कर शाम के समय ड्रोन के माध्यम से करीब 500 ग्राम हेरोइन मंगवाई थी, जो बमियाल के उझ दरिया किनारे गिराई गई थी। इस खेप में से 10 ग्राम हेरोइन सीमा गांव सिंबल कुलियां की एक महिला को दी गई और कुछ हेरोइन जम्मू-कश्मीर में किसी को दी गई, जिसकी पहचान उसे नहीं है।
इसके बाद की पूछताछ में मोहम्मद शरीफ ने यह भी स्वीकार किया कि बची हुई हेरोइन को उसने बमियाल के श्मशान घाट के पीछे, उझ दरिया के किनारे एक लिफाफे में पैक कर के दबा दिया था। पुलिस ने आरोपी को साथ लेकर उसकी निशानदेही पर यह पैकेट बरामद किया, जिसमें से 265 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस ने मोहम्मद शरीफ के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लंबे समय से इस क्षेत्र में ड्रोन की गतिविधियां देखी जा रही थीं और कई बार पंजाब पुलिस द्वारा हेरोइन भी बरामद की गई है। उधर जब इस मामले में अधिक जानकारी के लिए थाना प्रभारी नरोट जैमल सिंह, अंगरेज सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने मीटिंग में होने का हवाला देते हुए फोन काट दिया।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.






