Buland kesari/जालंधर में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाना एक युवक को भारी पड़ गया। बिना नंबर प्लेट की बाइक पर घूम रहे युवक ने पकड़े जाने पर लुधियाना में तैनात अपने एसीपी (ACP) मामा का रौब दिखाने की कोशिश की, लेकिन सोशल वर्कर की मुस्तैदी और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने न सिर्फ उसका चालान काटा, बल्कि कानून का पाठ भी पढ़ाया।
जालंधर की सड़कों पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब समाजसेवी मनदीप सिंह दोसांझ ने एक युवक को बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर जाते हुए रोका। जब युवक से बाइक के दस्तावेज मांगे गए तो उसने गलती सुधारने के बजाय अपनी जेब से फोन निकाला और पुलिसिया रसूख का डर दिखाने लगा।
युवक ने तुरंत फोन मिलाया और सामने वाले व्यक्ति को थमा दिया। फोन पर बात करने वाले शख्स ने खुद को लुधियाना में तैनात एसीपी बताया। उसने रौब जमाते हुए कहा कि वह पहले जालंधर में एसएचओ (SHO) रह चुका है। हालांकि, मनदीप सिंह ने झुकने के बजाय साफ कहा कि बाइक पर न नंबर प्लेट है और न ही कोई कागजात, इसलिए नियम तो नियम हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर ही बना लिया गया, जो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। वीडियो में युवक की बदतमीजी और पुलिस अधिकारी के नाम पर धौंस दिखाने की हरकत देख लोग प्रशासन से कार्रवाई की मांग करने लगे।
पुलिस का कड़ा एक्शन
मामले के तूल पकड़ते ही जालंधर कमिश्नरेट पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि कानून सबके लिए बराबर है। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त मोटरसाइकिल का भारी-भरकम चालान काट दिया।
आधिकारिक बयान
जालंधर पुलिस कमिश्नर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से इस कार्रवाई की पुष्टि की है। पुलिस ने संदेश दिया कि किसी भी पद या रिश्तेदारी का हवाला देकर नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








