Buland kesari/लुधियाना जिले के जगराओं के सिधवां बेट के गांव जंडी में घरेलू विवाद और संपत्ति के बंटवारे को लेकर मंगलवार को हुए मर्डर मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। अब तक सामने आया है कि आरोपी बेटे ने अपने पिता की हत्या अकेले नहीं, बल्कि अपने दो साथियों के साथ मिलकर अंजाम दी थी।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात आरोपियों ने घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और सो रहे हरजिंदर सिंह पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस निर्मम हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
थाना सिधवां बेट पुलिस ने मुख्य आरोपी जसकरन सिंह उर्फ जस्सू निवासी गांव जंडी के साथ उसके दो साथियों गुरप्रीत सिंह उर्फ काका और धरमिंदर सिंह उर्फ गिआनी निवासी गांव लीला मेघ सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। थाना इंचार्ज हमराज सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह साफ हुआ है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी और इसके पीछे घरेलू विवाद मुख्य कारण रहा।
ऐसे सामने आया मामला
बुधवार की दोपहर जब हरजिंदर सिंह ने घर का दरवाजा नहीं खोला तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने मृतक के भाई जगराज सिंह को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जगराज सिंह के बेटे कुलजिंदर सिंह ने दीवार फांदकर अंदर देखा तो हरजिंदर सिंह खून से लथपथ हालत में बिस्तर पर पड़ा था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई थी। इसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पहली पत्नी की मौत के 22 साल बाद की हरजिंदर सिंह ने शादी
शिकायतकर्ता जगराज सिंह के अनुसार, हरजिंदर सिंह की पहली पत्नी सरबजीत कौर की मौत के बाद उसने 22 साल के बाद दूसरी शादी तरनजीत कौर से की थी। दूसरी पत्नी और बेटे जसकरन सिंह के साथ प्रॉपर्टी के बंटवारे को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। पहली पत्नी का बेटा विदेश में रहता है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








