Buland Kesari/ जालंधर शहर के व्यस्त इलाके माई हीरां गेट से भैरों बाजार तक की हालत इन दिनों बेहद खराब बनी हुई है।
तस्वीरें इस सच्चाई को साफ तौर पर उजागर करती हैं कि बाजार में जगह-जगह सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं, गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और कूड़े के ढेर लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।
बाजार की सड़क पर चलते समय लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। कई जगहों पर पानी जमा होकर बदबू फैला रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। दुकानदारों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
नवरात्रों में बढ़ी परेशानी:
इस समय Navratri का पावन पर्व चल रहा है, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाजार में पूजा का सामान खरीदने आते हैं। लेकिन गंदगी और बदहाल व्यवस्था के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई ग्राहक गंदगी देखकर बाजार में आने से भी कतराने लगे हैं, जिससे व्यापार पर भी असर पड़ रहा है।
दुकानदार और स्थानीय लोग परेशान:
दुकानदारों का कहना है कि दुकान के बाहर गंदा पानी जमा रहने से ग्राहकों का आना कम हो गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि कूड़े के ढेर कई दिनों तक नहीं उठाए जाते, जिससे हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।
काउंसलरों पर उठे सवाल?
इलाके के दोनों पार्षदों (काउंसलरों) रजनी बाहरी वार्ड 71 और विकास तलवाड़ वार्ड 26 पर भी अब सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों का आरोप है कि वे अपने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को सुधारने में नाकाम साबित हो रहे हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद ना तो सीवर व्यवस्था ठीक की जा रही है और ना ही सफाई व्यवस्था में कोई सुधार दिख रहा है।
लोगों में भारी रोष:
लगातार अनदेखी के कारण स्थानीय लोगों और दुकानदारों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.







