Buland kesari/पंजाब में विदेश भेजने के नाम पर मासूम लोगों को ठगने वाले कबूतरबाजों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामला महानगर के जमालपुर इलाके से सामने आया है जहां दो कथित एजेंटों ने एक युवक को अमेरिका भेजने का झांसा देकर उससे 15 लाख रुपये हड़प लिए।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और इमिग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता गुरदयाल सिंह निवासी सरपंच कॉलोनी जमालपुर ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे दिलप्रीत सिंह को सुनहरे भविष्य के लिए अमेरिका भेजना चाहते थे।
इसी दौरान उनका संपर्क दो एजेंटों इंद्रप्रीत सिंह निवासी न्यू शक्ति नगर और अजीत सिंह निवासी खारा खेड़ी,जिला हिसार से हुआ। आरोपियों ने बड़े-बड़े वादे किए और दिलप्रीत को अमेरिका पहुँचाने की पूरी जिम्मेदारी ली। सौदा तय होने के बाद गुरदयाल सिंह ने अपनी मेहनत की कमाई से जुटाए 15 लाख रुपये आरोपियों को सौंप दिए।
न विदेश भेजा, न लौटाए पैसे
रकम लेने के बाद आरोपियों के सुर बदल गए। कई महीने बीत जाने के बाद भी जब दिलप्रीत को अमेरिका भेजने की कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो गुरदयाल सिंह ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए। आरोपियों ने शुरुआत में टाल-मटोल की और बाद में पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा हुआ महसूस कर पीड़ित ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
जमालपुर थाना पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ ठोस सबूत जुटाए और मामला दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी), धारा 120-B (आपराधिक साजिश), 24 इमिग्रेशन एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
हमने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही दोनों पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








