Buland kesari/जालंधर महानगर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला आदमपुर की भीड़भाड़ वाली मार्केट के पास चौक घंटाघर से सामने आया है, जहां चोरों ने लक्ष्मी ज्वैलर्स को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। दुकान मालिक विवेक कपूर ने बताया कि वह रोज की तरह रात को दुकान बंद कर घर चले गए थे।
आज सुबह जब दुकान खोली तो अंदर का नजारा देख हैरान रह गए। शो-केस टूटे पड़े थे और दुकान में रखा सारा सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि चोर सोने और चांदी के गहने चोरी कर ले गए हैं, जिनकी कीमत करीब 15 से 16 लाख रुपए बताई जा रही है। इनमें ग्राहकों द्वारा बनवाने के लिए दिए गए गहने भी शामिल हैं।
CCTV का DVR भी साथ ले गए चोर
विवेक कपूर के अनुसार दुकान के बाहर शटर और ताले सुरक्षित थे। चोरों ने चौथी मंजिल पर बने रोशनदान की ग्रिल काटकर दुकान में प्रवेश किया। इतना ही नहीं, पहचान से बचने के लिए चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना आदमपुर के प्रभारी रविंदर पाल सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








