Buland kesari/लुधियाना के व्यस्त शिवपुरी फ्लाईओवर पर बीती देर रात उस समय चीख-पुकार मच गई जब एक अनियंत्रित टाटा 407 ट्रक डिवाइडर से टकराकर लोहे की ग्रिल (सट्रिंग) तोड़ते हुए फंस गया। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया जिसे स्थानीय लोगों की मदद से खुलवाया गया।
लोहे की ग्रिल चीरकर निकली गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टाटा 407 ट्रक काफी रफ्तार में था। इसी दौरान सड़क पार कर रहे दो लोग इसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और गाड़ी सीधे बीच सड़क लगे डिवाइडर में जा घुसी। ट्रक ने वहां लगी लोहे की मजबूत रेलिंग को भी उखाड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और ट्राफिक पूरी तरह जाम हो गया।

ड्राइवर पक्ष का आरोप लूट की वारदात कर भाग रहे थे घायल
घटनास्थल पर मौजूद ट्रक ड्राइवर के साथी रवि ने मामले में चौंकाने वाला दावा किया है। रवि के अनुसार हम अपनी साइड पर बिल्कुल आराम से सीधे जा रहे थे। तभी अचानक ये दो युवक गाड़ी के आगे आ गए। उन्हें बचाने के चक्कर में गाड़ी डिवाइडर से जा टकराई। इन युवकों के पास से लोहे की किरपान भी मिली है। हमें अंदेशा है कि ये कहीं लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे थे और हड़बड़ाहट में ट्रक के सामने आ गए।

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद फ्लाईओवर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए लोहे की टूटी हुई ग्रिल और मलबे को साइड हटवाया और ट्रक को किनारे कर ट्रैफिक को सुचारू रूप से चालू करवाया।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल दोनों घायल युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या युवक वाकई किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल थे या यह महज एक दुर्घटना है। मौके से बरामद किरपान को कब्जे में लेकर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








