Punjab Kings VS RCB: पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल 2025 क्वालीफायर-1 खेला जाएगा। पंजाब टीम 11 साल जबकि आरसीबी 9 साल बाद क्वालीफायर-1 मैच खेलने जा रही है।
आईपीएल 2025 अपने आखिरी पड़ाव पर है। गुरुवार (29 मई) से प्लेऑफ मुकाबले शुरू हो रहे हैं। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच मौजूदा सीजन का क्वालीफायर-1 खेला जाएगा। पंजाब ने अंक तालिका में पहले और आरसीबी ने दूसरे स्थान पर फिनिश किया। पीबीकेएस और आरसीबी में से जो भी टीम क्वालीफायर-1 जीतेगी, उसका फाइनल का टिकट कंफर्म हो जाएगा। वहीं, हारने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा। हारने वाली टीम एलिमिनेटर के विजेता से क्वालीफायर-2 में भिड़ेगी। चलिए, आपको बताते हैं कि पंजाब और आरसीबी जब आखिरी बार क्वालीफायर-1 में उतरी थीं तो क्या हुआ था? 11 और 9 साल पुराना रिजल्ट आपको हैरान कर देगा।
पंजाब फ्रेंचाजी ने आखिरी बार 2014 में प्लेऑफ में जगह बनाई थी। पंजाब ने उसी साल क्वालीफायर-1 खेला था। पंजाब टीम की तब कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से क्वालीफायर-1 में टक्कर हुई थी। केकेआर ने रॉबिन उथप्पा (30 गेंदों में 42) की पारी के दम पर 163/8 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में पीबीकेएस निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 138 रन ही जुटा सकी थी। पंजाब के लिए रिद्धिमान साहा (31 गेंदों में 35) ने सर्वाधिक रन बनाए। मनन वोहरा ने 19 गेंदों में 26 रनों का योगदान दिया। पंजाब के तत्कालीन कप्तान जॉर्ज बेली के बल्ले से 17 गेंदों में 26 रन निकले। चार खिलाड़ी दहाई अंक में नहीं पहुंचे। पंजाब को 28 रनों से हार मिली थी। 2014 में गौतम गंभीर की अगुवाई में केकेआर चैंपियन बनी।
दूसरी ओर, आरसीबी ने साल 2016 में आखिरी बार क्वालीफायर-1 खेला। आरसीबी का उस समय गुजरात लायंस से सामना हुआ था। विराट कोहली की कप्तानी वाली आरसीबी ने गुजरात को 158 रनों पर ढेर कर दिया था। गुजरात के लिए ड्वेन स्मिथ ने 41 गेंदों में 73 रनों की पारी खेली। गुजरात के 6 प्लेयर सिंगल डिजिट स्कोर पर पवेलियन लौटे। आरसीबी की ओर से शेन वॉटसन ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए। आरसीबी ने 159 रनों का टारगेट छह विकेट के नुकसान पर 18.2 ओवर में चेज किया। कोहली, केएल राहुल, सचिन बेबी का खाता नहीं खुला था। क्रिस गेल ने महज 9 रन बनाए। ऐसे में एबी डिविलियर्स (47 गेंदों में नाबाद 79) और इकबाल अब्दुल्ला (25 गेंदों में नाबाद 33) ने मोर्चा संभाला और आरसीबी की जीत की नैया पार लगाई। हालांकि, आरसीबी का फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद से हारकर ट्रॉफी का सपना टूट गया था।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








