Buland kesari/हर महीने की शुरुआत के साथ कई नियम बदलते हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब, बैंकिंग, गैस सिलेंडर और रोजमर्रा की सुविधाओं पर पड़ता है। नवंबर खत्म हो चुका है और अब 1 दिसंबर 2025 से कुछ बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इन बदलावों को जानना जरूरी है, क्योंकि ये आपकी बचत, खर्च और बैंकिंग लेन-देन पर प्रभाव डाल सकते हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि दिसंबर महीने में कौन-कौन से नियम बदलने वाले हैं।
1. CNG और PNG की कीमतों में बदलाव
हर महीने की तरह इस बार भी 1 दिसंबर को सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG) के दाम बदले जा सकते हैं। ऑयल और गैस कंपनियां हर महीने इनकी कीमतों की समीक्षा करती हैं और अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से बढ़ोतरी या कमी की घोषणा करती हैं। अगर कीमतें बढ़ती हैं तो आने-जाने का खर्च बढ़ सकता है, और अगर घटती हैं तो थोड़ी राहत मिल सकती है। यानी कि 1 दिसंबर से आपके गैस बिल और इंधन खर्च दोनों प्रभावित हो सकते हैं।
2. LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव
एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी हर महीने बदलाव होता है। इसमें घरेलू और कॉमर्शियल दोनों सिलेंडर शामिल होते हैं। नवंबर में इंडियन ऑयल (IOC) ने दिल्ली में 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 5 रुपये की कटौती की थी। अब दिसंबर के पहले दिन फिर से नई कीमतें तय होंगी। घरेलू LPG सिलेंडर के दाम बढ़ भी सकते हैं या घट भी सकते हैं। इससे आपकी किचन की मासिक खर्च पर सीधा असर पड़ेगा।
3. पेंशनर्स के लिए अनिवार्य जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate)
दिसंबर का महीना पेंशन लेने वाले बुजुर्गों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार ने साफ कहा है कि हर पेंशनर को 30 नवंबर तक जीवन प्रमाण पत्र (Jeevan Pramaan Patra) जमा करना ही होगा। अगर पेंशनर ने दिसंबर की शुरुआत तक प्रमाण पत्र जमा नहीं किया, तो जनवरी से पेंशन रोक दी जाएगी।
अच्छी बात यह है कि अब आपको बैंक और पोस्ट ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे मोबाइल, फेस ऑथेंटिकेशन या आधार ओटीपी के जरिए बस 2 मिनट में ऑनलाइन लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं।
4. ऑनलाइन बैंकिंग और कार्ड नियमों में बदलाव
1 दिसंबर से कई बैंक और वित्तीय संस्थान अपने डिजिटल बैंकिंग और कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव करने जा रहे हैं। इनमें नेट बैंकिंग के नए सुरक्षा फीचर्स, यूपीआई ट्रांजैक्शन लिमिट में बदलाव, क्रेडिट और डेबिट कार्ड की फीस में बढ़ोतरी या कटौती, ATM ट्रांजैक्शन पर लगने वाले चार्ज और फॉरेक्स कार्ड के नियम शामिल हो सकते हैं। इन बदलावों का असर सीधे आपकी जेब पर पड़ेगा कुछ मामलों में आपको अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है, जबकि कुछ बदलाव आपको राहत भी देंगे। इसलिए जरूरी है कि आप अपने बैंक से आने वाले SMS, ऐप नोटिफिकेशन और ईमेल अपडेट को ध्यान से पढ़ें, ताकि किसी भी नए नियम या शुल्क परिवर्तन की जानकारी समय पर मिल सके।
5. Income Tax से जुड़ी महत्वपूर्ण अंतिम तारीख
आयकर विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण फॉर्म और फाइलिंग की अंतिम तारीख 30 नवंबर तय की गई है। इस दिन तक आपको धारा 194-IA, 194-IB, 194M और 194S के तहत किए गए TDS की जमा प्रक्रिया पूरी करनी होती है। इसके अलावा, अगर आप ट्रांसफर प्राइसिंग नियमों के अंतर्गत आते हैं, तो धारा 92E की रिपोर्ट भी समय पर फाइल करना जरूरी है। इन फाइलिंग को समय पर पूरा नहीं करने पर जुर्माना और ब्याज दोनों लग सकते हैं। इसलिए किसी भी परेशानी से बचने के लिए 30 नवंबर से पहले सभी टैक्स संबंधी औपचारिकताएं पूरा कर लेना बेहद जरूरी है।
6. दिसंबर में 18 दिन बैंक बंद
दिसंबर में त्योहारों, रविवार और सेकंड-फोर्थ शनिवार को मिलाकर लगभग 18 दिन पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे। ये सभी छुट्टियाँ आरबीआई के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार निर्धारित होती हैं। ऐसे में यदि आपको अकाउंट खोलना है, चेक क्लियर करवाना है, कैश जमा या निकासी करनी है, या डीमैट और लोन से जुड़े किसी काम को निपटाना है, तो पहले छुट्टियों की सूची देखकर ही अपनी योजना बनाएं। इससे आपका जरूरी काम बीच में अटकने से बच जाएगा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








