Buland kesari/हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में शुक्रवार को एक प्राइवेट बस 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। 33 यात्री घायल हैं। इनमें एक बच्ची समेत 4 की हालत नाजुक बनी हुई है। बच्ची को नाहन और तीन अन्य को IGMC शिमला रेफर किया गया है।
सिरमौर की DC प्रियंका ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार हादसा बस के स्किड होने से हुआ लग रहा है। बस में 45 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। यह हादसा दोपहर बाद पौने 3 बजे सिरमौर के हरिपुरधार बाजार से करीब 100 मीटर पहले हुआ। बस में कुपवी (शिमला) और हरिपुरधार क्षेत्र (सिरमौर) के लोग सवार थे।

शिमला से कुपवी जा रही थी प्राइवेट बस जीत कोच बस शिमला से वाया सोलन और सिरमौर होते हुए कुपवी जा रही थी। शिमला शहर से सुबह 7:30 बजे बस रवानी हुई थी। कुपवी से 28 किलोमीटर पहले ही बसे खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं।

बस के नीचे दबे थे 5 लोग बस के नीचे 5 से ज्यादा यात्री दबे हुए थे। ग्रामीणों ने बस को पलटकर सभी को बाहर निकाला। इनमें से चार यात्रियों की मौत हो गई। घायलों को निकालने का काम पूरा हो गया है। घटनास्थल और हरिपुरधार अस्पताल के बाहर सैकड़ों लोग जुट गए।
बस के परखच्चे उड़े, छत चेसिस से अलग हुई हादसे के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस के परखच्चे उड़ गए। बस की छत चेसिस से अलग हो गई। पीछे के दोनों टायर भी बस से निकलकर दूर जाकर गिरे। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

नाहन से भी मेडिकल टीम हरिपुरधार अस्पताल भेजी सिरमौर की DC प्रियंका ने बताया कि बस में 45 यात्री थे। नाहन से भी मेडिकल टीम हरिपुरधार अस्पताल के लिए भेज दी गई है। वह खुद और एसपी भी भी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।
निजी वाहनों में घायलों को अस्पताल पहुंचाया SHO संगड़ाह प्रीतम ने बताया कि घटनास्थल से कुछ लोगों ने अपने निजी वाहनों में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ घायलों को हरिपुरधार, राजगढ़ और नाहन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

SDM बोले- प्रारंभिक जांच में कोहरे से हादसा SDM संगड़ाह सुनील कायथ ने बताया कि जिस जगह से बस सड़क से बाहर पलटी है, वहां कोहरा जमा हुआ था। इससे लग रहा है कि बस कोहरे से स्किड हुई हो। मगर अभी पुख्ता तौर पर ऐसा नहीं कहा जा सकता। उन्होंने बताया कि इस हादसे की मजिस्ट्रेट जांच करवाई जाएगी। उसमें हादसे के असल कारणों का पता चल पाएगा।
पोश त्योहार के लिए जा रहे थे घर
शिमला के कुपवी क्षेत्र में पोश त्योहार मनाया जाता है, जो संक्रांति से पहले आता है। इसी कारण सोलन और शिमला में रहने वाले लोग अपने गांव लौट रहे थे।

सीएम ने हादसे पर दुख जताया सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हरिपुरधार बस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने हादसे में मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। CM ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए और घायलों का उपचार सुनिश्चित किया जाए।
सीएम के अलावा डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और BJP के सांसद सुरेश कश्यप ने भी घटना पर शोक जताया है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








