Buland kesari/लुधियाना में एक महिला और निहंग के बीच विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ा कि थाने के गेट पर ही उनमें हाथापाई हो गई। इससे गुस्साए निहंग ने तलवार निकाली और बीच सड़क पर खड़े होकर उसे लहराने लगा।
इस दौरान कुछ लोग निहंग सिंह को विरोध करने लगे तो उनके साथ भी हाथापाई हो गई। मामला इतना बढ़ा कि लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर आकर दोनों पक्षों को शांत किया।
किसी राहगीर ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर दिया और उसके बाद उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
महिला का कहना है कि जिस ऑटो में वह बैठी थी, निहंग ने उसकी चाबी निकाल ली। जिसका उसने विरोध किया था। वहीं निहंग का कहना है कि महिला लूटपाट करने वाले गैंग की मुखिया है।
दोनों पक्षों ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

घटना को लेकर महिला की 3 अहम बातें…
- ऑटो रिक्शा में बैठी थी, निहंग ने चाबी निकाली: इस मामले में पीड़ित महिला पूजा ने बताया कि वह एक निजी अस्पताल में काम करती है। पिछले दस साल से इसी रास्ते से आना-जाना करती है। घटना उस समय हुई जब वह ड्यूटी निपटाने के बाद रात में काम से घर जाने के लिए एक ऑटो रिक्शा में बैठी थी। पूजा का कहना है कि जिस ऑटो पर वह बैठी थी वह सवारी का इंतजार कर रहा था। इतने में एक निहंग सिंह आया और उसने ऑटो की चाबी निकाली व ड्राइवर को गालियां देनी शुरू कर दी।
- मैंने विरोध किया तो मेरे साथ लड़ने लगा: महिला ने कहा कि जब वो भद्दी गालियां दे रहा था तो मैंने उसे गालियां न देने को कहा। जिस पर निहंग सिंह ने मुझे भी गालियां देनी शुरू कर दी। यही नहीं निहंग सिंह मुझे धक्के मारकर दूर तक ले गया। महिला का कहना है कि निहंग सिंह ने जब उसके साथ ज्यादा बत्तमीजी की तो उसने अपने परिवार को बुलाया। जब महिला का परिवार मौके पर पहुंचा तो निहंग सिंह ने तलवार लहरानी शुरू कर दी।
- थाने के गेट पर हुई दोनों पक्षों में हाथापाई: महिला ने बताया कि जमालपुर थाने के गेट पर बीच सड़क में निहंग सिंह ने उसके परिवार पर भी हमले की कोशिश की। महिला का कहना है कि जो वीडियो वायरल हो रहा है वो थाने के बाहर का ही है। महिला ने बताया कि वह शिकायत करने थाना जमालपुर में गई तो उन्होंने कहा कि यह घटना थाना डिवीजन नंबर सात के एरिया में हुई। वहीं जाकर शिकायत दें। महिला ने बताया कि फिर उन्होंने डिवीजन नंबर सात में इस मामले की शिकायत दी है।
निहंग बोला- महिला का लूटपाट का गिरोह निहंग ने भी महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। निहंग का कहना है कि यह महिला और उसके साथी एक गिरोह बनाकर लोगों को लूटते हैं। उसने आरोप लगाया कि महिला और उसके साथियों ने उसका मोबाइल और नकदी भी लूट ली है। उसने भी पुलिस को शिकायत दी है।

पुलिस बोली- दोनों पक्षों की शिकायतें आईं, जांच कर रहे थाना डिवीजन नंबर 7 के ए.एस.आई. रणधीर सिंह ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों ने शिकायतें दर्ज कराई हैं। उन्होंने बताया कि विवाद ऑटो में बैठने को लेकर शुरू हुआ था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








