Buland kesari/जालंधर के मशहूर कारोबारी को पुलिस ने एक महिला जिम ट्रेनर के साथ छेड़खानी और अश्लील हरकतें करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह घटना जालंधर की एक जिम में कल रात घटित हुई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना डिवीजन नंबर 6 में मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, जिम में उस समय काफी संख्या में सदस्य मौजूद थे। इसी दौरान कारोबारी ने जिम की महिला ट्रेनर के साथ बदतमीजी शुरू कर दी। आरोप है कि उसने अचानक पीछे से महिला ट्रेनर को पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
महिला ट्रेनर ने इस हरकत का तुरंत विरोध किया और शोर मचाया। जिम में मौजूद अन्य लोग भी इस घटना को देखकर दंग रह गए। आरोपी की इस घटिया हरकत के तुरंत बाद पीड़ित महिला ने हिम्मत दिखाते हुए 112 नंबर पर पुलिस को कॉल कर दी और आपबीती सुनाई। घटनास्थल पर पहुंची थाना नं 6 की पुलिस
सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और मौके से ही हनी रंधावा को राउंड-अप (हिरासत में) कर लिया। पुलिस उसे थाने ले गई, जहां देर रात तक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया चलती रही। आरोपी के खिलाफ छेड़खानी के धाराओं में केस दर्ज
पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ छेड़खानी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून सबके लिए बराबर है और महिला सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।
एक बड़े रिसॉर्ट का मालिक होने के नाते उसकी इस हरकत ने सबको हैरान कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जिम में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में लेने की कोशिश की जा रही है ताकि सबूतों को पुख्ता किया जा सके।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








