Buland kesari/कनाडा में ऑफिस में काम कर रहे पंजाबी युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर सरे के 76 एवेन्यू बिल्डिंग की दूसरी मंजिल में घुसे और लॉबी से निकल रहे युवक पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के कारण आसपास बैठे लोग घबरा गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया।
सरे पुलिस (SPS) जब तक मौके पर पहुंचती, युवक खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। पुलिस और मेडिकल टीम ने उसे बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर बड़ी आसानी से फरार होने में कामयाब रहे।
सरे पुलिस हत्या का कारण टारगेट किलिंग मान रही है। सरे पुलिस ने मृतक की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई। उधर, गैंगस्टर रोहित गोदारा व पवन शौकीन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हत्या की जिम्मेदारी ली। रोहित गोदारा ने अपने पोस्ट में मृतक का नाम सैम कनाडा लिखा है। उसने कहा कि सैम हमारे विरोधियों का मुख्य हैंडलर है और हमारे खिलाफ साजिशें रच रहा है।
गैंगस्टर रोहित गोदारा की जिम्मेदारी वाली पोस्ट के बाद उस सोशल मीडिया अकाउंट को तुरंत सस्पेंड कर दिया। इस पूरी वारदात में सट्टेबाजी, क्रिकेट मैच फिक्सिंग और खालिस्तानी कनेक्शन के तार जुड़ते नजर आ रहे हैं। रोहित गोदारा की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सरे पुलिस व जांच एजेंसियों ने इस एंगल पर भी जांच करनी शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हत्या की जांच हर एंगल से की जा रही है।

रोहित गोदारा ने हत्या की ये वजह बताई, जानिए…
- विरोधी गैंगों की मदद: कनेडियन मीडिया के अनुसार गैंगस्टर रोहित गोदारा का दावा है कि सैम कनाडा में बैठकर मेरे व गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की विरोधी गैंग को फाइनेंस कर रहा था। वह लगातार हमारे खिलाफ काम कर रहा था, जिसकी वजह से उसको टारगेट किया गया।
- मैच फिक्सिंग का पैसा: रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया गया कि सैम क्रिकेट मैच फिक्सिंग और अवैध सट्टेबाजी का बड़ा सिंडिकेट चलाता था और उस पैसे का इस्तेमाल लॉरेंस गैंग के खिलाफ किया जा रहा था। रोहित गोदारा ने अपनी पोस्ट में साफ शब्दों में कहा कि जो भी उनके दुश्मनों को पनाह देगा या उनकी मदद करेगा, उसे दुनिया के किसी भी कोने में ढूंढकर मारा जाएगा। उसने अंत में लिखा “अगला नंबर तुम्हारा है।”
- सट्टेबाजी से जुड़ा था ‘सैम कनाडा’: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतक पंजाब का रहने वाला था और सरे में ‘सैम’ के नाम से मशहूर था। वह इसी बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर एक ऑफिस चलाता था। स्थानीय कम्युनिटी का कहना है कि वह सट्टेबाजी के कारोबार से गहराई से जुड़ा था। पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम पहले कभी बड़े अपराधों में नहीं आया था, लेकिन वह अंडरवर्ल्ड के निशाने पर था क्योंकि वह विरोधी गैंग्स के लिए ‘मनी मशीन’ बना हुआ था।

रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पोस्ट में क्या लिखा
“राम-राम सभी भाइयों को, आज जो कनाडा के सरे (Surrey) में सैम (सैम कनाडा) की हत्या हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं रोहित गोदारा (और पवन शौकीन लेते हैं। यह व्यक्ति हमारे विरोधियों का मुख्य हैंडलर था और उनके साथ मिलकर हमारे खिलाफ साजिशें रच रहा था।
यह कनाडा में बैठकर क्रिकेट मैच फिक्सिंग और सट्टेबाजी का काला साम्राज्य चला रहा था और उस सट्टेबाजी के पैसे से हमारे दुश्मनों की आर्थिक मदद कर रहा था। हम पहले भी कह चुके हैं कि जो भी हमारे दुश्मनों का साथ देगा या उन्हें किसी भी तरह की मदद पहुँचाएगा, उसका अंजाम यही होगा।
चाहे वह दुनिया के किसी भी कोने में बैठा हो, हमारी पहुँच से दूर नहीं है। जो हमारे भाइयों के खिलाफ जाएगा, उसे उसकी सजा जरूर मिलेगी। अभी तो यह शुरुआत है, लिस्ट बहुत लंबी है। हमारे दुश्मनों को पालने वालों का अगला नंबर भी जल्द आएगा। अपनी बारी का इंतजार करो। जय बलकारी।”
हत्या को लेकर सरे पुलिस ने कही ये 4 अहम बातें…
- इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम: सरे पुलिस की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस हत्याकांड की जांच सरे पुलिस ने इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) को सौंप दी है। टीम ने इस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए और आरोपियों को ट्रेस करने के लिए जाल बिछा दिया है। पुलिस का मानना है कि यह कोई रैंडम हमला नहीं था, बल्कि युवक को ही मारने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने कहा कि अब तक की जांच में यह बात सामने आई कि यह टारगेटेड किलिंग थी।
- सोशल मीडिया की जांच: IHIT रोहित गोदारा के फेसबुक पोस्ट की सच्चाई की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या यह पोस्ट वास्तव में गैंगस्टर ने डाली है या किसी ने भ्रम फैलाने के लिए। वहीं पुलिस ने रोहित गोदारा के सोशल मीडिया अकाउंट जिससे यह धमकी मिली थी उसे सस्पेंड कर दिया है।
- सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस: अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और उन गाड़ियों की तलाश कर रही है जो वारदात के वक्त बिल्डिंग के पास देखी गई थीं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि अगर किसी के पास डैशकैम फुटेज या इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी है, तो वे तुरंत 1-877-551-4448 पर कॉल करें।
- मैच फिक्सिंग और खालिस्तानी एंगल: पुलिस का कहना है कि यह मामला सिर्फ दो गैंग्स की लड़ाई का नहीं रह गया है। हाल ही में कनाडाई ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन की एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि कनाडा की टी-20 लीग और क्रिकेट में भारतीय गैंग्स का दखल बढ़ गया है। अधिकारियों को शक है कि इस हत्या के पीछे भारतीय लिंक वाले खालिस्तान समर्थक शूटरों का भी हाथ हो सकता है। आरोप है कि खालिस्तानी नेटवर्क और कुछ गैंगस्टर्स मिलकर कनाडा में उगाही और सट्टेबाजी का धंधा चला रहे हैं। युवक की हत्या इसी वर्चस्व की लड़ाई का हिस्सा मानी जा रही है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








