भगवान जगन्नाथ रथयात्रा में रथ खींचते समय परिवार ने दी सफलता की सूचना
पंचकूला। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से वीरवार देर रात घोषित नीट-यूजी 2026 के परिणाम में पंचकूला के सेक्टर-12 के रहने वाले हर्षल गर्ग ने देशभर में 50वीं रैंक हासिल की है। हर्षल ने 720 में से 695 अंक प्राप्त कर ट्राइसिटी के टॉपर बने हैं। नीट के परिणाम की जानकारी उनके पिता डॉ. वीके गर्ग ने दी। डॉ. वी के गर्ग हरियाणा स्वास्थ्य विभाग में आयुष्मान भारत योजना के तहत सेक्टर-6 में चिकित्सक हैं।
दिलचस्प बात यह रही कि रिजल्ट घोषित होने के समय हर्षल भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल होकर रथ खींच रहे थे। देर रात पिता से बातचीत में
उन्होंने बताया कि वह यात्रा पूरी कर अगले दिन फ्लाइट से लौटेंगे। हर्षुल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित मेहनत को दिया।
हर्षल शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने लिटिल फ्लावर स्कूल, सेक्टर-14
से आईसीएसई बोर्ड की 10वीं परीक्षा में ऑल इंडिया सेकेंड रैंक हासिल की थी। इसके बाद डॉक्टर बनने का लक्ष्य तय किया। 12वीं उन्होंने राजपुरा से 98 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की और पिछले दो वर्षों से चंडीगढ़ स्थित एलन इंस्टीट्यूट में नीट की तैयारी कर रहे थे।
देशभर में इस वर्ष करीब 20 लाख विद्यार्थियों ने नीट-यूजी परीक्षा दी थी, जिनमें 11.21 लाख मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक लेकर संयुक्त रूप से देश में पहला स्थान हासिल किया। संवाद

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








