Buland Kesari/ जालंधर: महानगर जालंधर में लॉ एंड ऑर्डर की धज्जियां उड़ रही है। आज देर रात एक कारोबारी से 10 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। घटना केसरी पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है, जहां होशियारपुर के प्रसिद्ध भाटिया इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक के भाई से यह वारदात हुई।
जानकारी के मुताबिक भाटिया इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक गुनीत पाल सिंह ने बताया कि उनके भाई सरन पाल सिंह रात के समय दुकान से घर लौट रहे थे। रास्ते में PNB चौक की रेड लाइट पर उनकी कार का टायर पंचर हो गया। इसके बाद वह टायर में पंचर लगवाने के लिए केसरी पेट्रोल पंप पर रुके।
पंचर लगाने वाले ने जब टायर की जांच की तो बताया कि उसमें हवा का पूरा प्रेशर खत्म हो चुका है। इसके बाद सरन पाल सिंह ड्राइविंग सीट से उतरकर गाड़ी के पीछे टायर देखने चले गए। इसी दौरान एक युवक ने मौका पाकर गाड़ी की सीट पर रखा बैग उठाया और मौके से फरार हो गया।
गुनीत पाल सिंह के अनुसार बैग में 10 लाख रुपये नकद थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
CCTV फुटेज पुलिस को सौंपी
वारदात के बाद केसरी पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने सरन पाल सिंह की मदद की। वहीं, पेट्रोल पंप मालिकों की ओर से घटना से संबंधित CCTV फुटेज पुलिस को उपलब्ध करवा दी गई है। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।
पुलिस के लिए CCTV फुटेज अहम सुराग साबित हो सकती है। अब देखना होगा कि 10 लाख रुपये की इस वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी कब पुलिस की गिरफ्त में आता है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.







