जालंधर भाजपा में जिला प्रधान अशोक सरीन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, अकाली गठबंधन के बाद भी नहीं दिख रही तालमेल की पहल!
Buland Kesari/ जालंधर: पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन का ऐलान होने के बाद जहां दोनों पार्टियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं में नई राजनीतिक रणनीति को लेकर सक्रियता बढ़ने की उम्मीद थी, वहीं जालंधर भाजपा में जिला प्रधान अशोक सरीन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि गठबंधन के चार दिन बीत जाने के बावजूद भाजपा के जिला प्रधान की ओर से अकाली दल के हलका इंचार्जों और वरिष्ठ नेताओं के साथ संपर्क स्थापित करने की कोई पहल सामने नहीं आई है।
सूत्रों के मुताबिक, अशोक सरीन की कार्यशैली को लेकर भाजपा के भीतर भी असंतोष की स्थिति बनी हुई है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता जिला प्रधान की कार्यप्रणाली से खुश नहीं बताए जा रहे। अब गठबंधन के बाद अकाली दल के नेताओं में भी तालमेल की कमी को लेकर नाराजगी सामने आने लगी है।
‘क्या ऐसे चलेगा गठबंधन?’ अकाली नेता ने उठाए सवाल
इस मामले को लेकर शिरोमणि अकाली दल के एक वरिष्ठ नेता एवं हलका इंचार्ज ने नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन हुए चार दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक जालंधर भाजपा के जिला प्रधान की ओर से न तो उन्हें कोई फोन किया गया है और न ही भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर कोई बातचीत हुई है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि गठबंधन के शुरुआती दिनों में ही दोनों पार्टियों के बीच इस तरह का तालमेल देखने को मिलेगा तो आगे चुनावी मैदान में दोनों दल मिलकर कैसे काम करेंगे? उन्होंने यह भी कहा कि अगर भाजपा का जिला नेतृत्व अकाली दल के नेताओं के साथ ही संपर्क स्थापित नहीं करेगा तो पंजाब में दोनों पार्टियां मिलकर सरकार बनाने का लक्ष्य कैसे हासिल कर पाएंगी?
भाजपा हाईकमान तक पहुंच रही शिकायतें!
दूसरी ओर भाजपा और आरएसएस से जुड़े एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, चर्चा है कि जिला प्रधान अशोक सरीन की कार्यप्रणाली को लेकर पार्टी के अंदर लगातार असंतोष की खबरें सामने आ रही हैं। कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की नाराजगी की रिपोर्ट हाईकमान तक पहुंचने की बात भी कही जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में पार्टी नेतृत्व इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कोई कदम उठा सकता है।
गठबंधन की शुरुआत में ही तालमेल का संकट!
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, किसी भी गठबंधन की सफलता केवल बड़े नेताओं के मंच साझा करने या गठबंधन की घोषणा करने से तय नहीं होती, बल्कि जमीनी स्तर पर दोनों पार्टियों के नेताओं, हलका इंचार्जों और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत तालमेल बेहद जरूरी होता है। ऐसे में जालंधर भाजपा के जिला प्रधान की भूमिका पर उठ रहे सवाल पार्टी के लिए चिंता का विषय बन सकते हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या अशोक सरीन गठबंधन धर्म निभाने के लिए अकाली नेताओं से संपर्क साधेंगे या फिर भाजपा हाईकमान तक पहुंच रही नाराजगी आने वाले दिनों में जालंधर भाजपा के संगठनात्मक नेतृत्व में किसी बड़े बदलाव का कारण बनेगी?

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








