Buland kesari ;-शनिवार सुबह जालंधर के पिम्स अस्पताल के सामने स्थित छोटी बारादरी फेज-2 इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब प्रबल सरिया कंपनी के 42 वर्षीय मैनेजर हरप्रीत सिंह को गोली मार दी गई। यह गोली IAS अधिकारी बबीता कलेर के सरकारी गनमैन सुखकर्ण सिंह ने चलाई। गोली हरप्रीत की बाईं जांघ को चीरती हुई दाईं टांग में जा लगी।
गंभीर आरोप: IAS अधिकारी और AAP नेता पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
घटना के बाद पुलिस ने गनमैन को गिरफ्तार कर उसकी सर्विस पिस्टल जब्त कर ली है। वहीं देर रात IAS बबीता कलेर और उनके पति व AAP नेता स्टीफन कलेर को इस मामले में नामजद किया गया। थाना नंबर-7 में उनके खिलाफ BNS की धारा 115(2) (हत्या की कोशिश), 109 (साजिश), 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
झगड़े की वजह: मिट्टी डालने को लेकर हुआ विवाद
आरोप है कि प्रबल सरिया के मालिक सुलक्खण सिंह का प्लॉट नंबर-3 डिफेंस कॉलोनी में है, जहां पर मिट्टी डालने का काम चल रहा था। उसी कॉलोनी में कोठी नंबर-4 में रहने वाले स्टीफन कलेर ने इस काम का विरोध किया। विवाद इतना बढ़ा कि IAS अधिकारी के गनमैन ने गुस्से में आकर गोली चला दी।
घायल मैनेजर का आरोप: साजिश के तहत मारी गई गोली
घायल हरप्रीत सिंह, जो कृष्णा नगर का निवासी है, ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि सुलक्खण सिंह के कहने पर वह मिट्टी डालने की निगरानी कर रहा था। जब विरोध हुआ तो स्टीफन कलेर से बात करने के लिए बुलाया गया। मौके पर पहुंचने के बाद विवाद शुरू हुआ और गनमैन ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।
पुलिस की कार्रवाई: क्राइम सीन से बरामद हुआ सबूत, कोर्ट में पेशी आज
एडीसीपी सिटी-2 हरिंदर सिंह गिल ने घटनास्थल का दौरा किया और क्राइम सीन से गोली का खोल बरामद किया। पुलिस ने गनमैन को राउंडअप कर लिया है और उसे रविवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








