Buland kesari ;- बठिंडा नगर निगम ने वर्षों से बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करवाने वाले डिफाल्टरों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पंजाब सरकार की ओर से लागू की गई वन टाइम सैटलमैंट (ओ. टी. एस.) स्कीम के तहत निगम ने अब वार्ड वाइज कैंप लगाकर लोगों से बकाया टैक्स की वसूली शुरू कर दी है। 31 जुलाई 2025 तक टैक्स भरने वालों को जुर्माना और ब्याज में पूरी राहत दी जाएगी।
सरकार ने ओ.टी.एस. स्कीम की समयसीमा बढ़ाकर अब इसे दो चरणों में लागू किया है। पहला चरण 31 जुलाई और दूसरा 31 अक्तूबर तक है। 31 जुलाई तक टैक्स भरने वालों को पूरी तरह जुर्माना और ब्याज माफ किया जाएगा। इसी तरह 31 अक्तूबर तक टैक्स जमा कराने वालों को 50 प्रतिशत छूट मिलेगी। इसके बाद कोई भी राहत नहीं मिलेगी और पूरा जुर्माना व ब्याज वसूला जाएगा। निगम की प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच द्वारा विशेष टीमें गठित की गई हैं जो रोजाना 1-2 वार्डों में कैंप लगाकर टैक्स वसूल रही हैं। इसके अलावा डिफाल्टरों को नोटिस भी थमाए जा रहे हैं। निगम ने चेताया है कि यदि 31 जुलाई तक बकाया टैक्स जमा नहीं कराया गया, तो संबंधित संपत्तियों को सील कर कार्रवाई की जाएगी।
बठिंडा में 25,861 यूनिट्स टैक्स डिफाल्टर, बकाया करोड़ों में
नगर निगम रिकॉर्ड के अनुसार बठिंडा शहर में कुल 1.47 लाख प्रॉपर्टी यूनिट्स हैं, जिनमें से 25,861 डिफाल्टर यूनिट्स ऐसी हैं जिन्होंने पिछले 9 वर्षों में एक बार भी टैक्स नहीं भरा। इनसे निगम को 15-20 करोड़ रुपए की वसूली करनी है। अगर ये डिफाल्टर 31 जुलाई तक मूल राशि जमा करा देते हैं, तो निगम को करीब 10-12 करोड़ की आय होगी और 8 करोड़ का ब्याज व जुर्माना माफ हो जाएगा।
2024-25 में अब तक 15.65 करोड़ की वसूली
निगम के बजट वर्ष 2024-25 के लिए 18.15 करोड़ रुपए का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से अब तक 15.65 करोड़ रुपये रिकवर किए जा चुके हैं। इस साल कुल 95429 प्रॉपर्टी में से 27587 यूनिट्स की टैक्स रिटर्न जमा हो चुकी है। 2014-15 से लेकर 2024-25 तक हर साल टैक्स न भरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 2014-15 में 400 यूनिट्स डिफाल्टर थे जो अब बढ़कर 2024-25 में 8336 तक पहुंच गए हैं। कुल मिलाकर 25861 डिफाल्टर यूनिट्स हैं जिन पर करोड़ों की रिकवरी बाकी है। प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के प्रभारी प्रदीप सिंह ने लोगों से अपील की है कि वो ओटीएस स्कीम का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने कहा, “31 जुलाई तक टैक्स जमा कराने पर ब्याज और जुर्माने से पूरी राहत दी जा रही है। निगम ने लोगों की सुविधा के लिए वार्डों में कैंप लगाए हैं, इस अवसर का लाभ उठाकर जल्द से जल्द टैक्स अदा करें।”

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








