जालंधर। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल बीएमसी चौक और बस स्टैंड के आसपास इन दिनों अवैध गतिविधियों का बोलबाला है।
जीटी रोड के साथ लगते लिंक रोड्स, ग्रीन बेल्ट और सरकारी ज़मीनो पर धड़ल्ले से अवैध टैक्सी स्टैंड खड़े कर दिए गए हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और बिजली विभाग – तीनों ही आंखें मूंदे बैठे हैं।
जालंधर वासियों का आरोप है कि इन टैक्सी स्टैंडों ने लिंक रोड्स पर कब्ज़ा कर रखा है, जिससे रोज़ाना ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। खासकर निर्मल कॉम्प्लेक्स के पास बने एक टैक्सी स्टैंड की वीडियो सामने आई है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि डायरेक्ट बिजली की तारों पर कुंडी डालकर बिजली चोरी की जा रही है।
खुलेआम कुंडी, लेकिन कार्रवाई नदारद
तस्वीरों में साफ दिखाई देता है कि टैक्सी स्टैंड में बिना किसी मीटर के बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा है। सवाल यह है कि
बिजली विभाग के अफसरों को यह कुंडी क्यों नहीं दिख रही?
क्या बिजली चोरी पर कार्रवाई सिर्फ आम लोगों के लिए है?
ग्रीन बेल्ट पर शेड और लेटर डालकर कब्ज़ा
सूत्रों के मुताबिक बीएमसी चौक और बस स्टैंड के आसपास ग्रीन बेल्ट में शेड और लोहे के शटर लगा कर अवैध टैक्सी स्टैंड बनाए गए हैं। यह सीधे-सीधे पर्यावरण नियमों और नगर निगम के कानूनों का उल्लंघन है।
नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की चुप्पी पर सवाल
नगर निगम, जो अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी रखता है, वह इन अवैध टैक्सी स्टैंडों पर कार्रवाई करने में नाकाम क्यों है?
ट्रैफिक पुलिस, जिसे सड़कें सुचारू रखने की जिम्मेदारी दी गई है, वह लिंक रोड्स पर बने इन स्टैंडों पर चालान तक क्यों नहीं कर रही?
तीन विभागों की मिलीभगत?
शहर में यह चर्चा तेज़ हो गई है कि
क्या इन टैक्सी स्टैंडों को किसी राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण का लाभ मिल रहा है?
क्या नगर निगम, बिजली विभाग और ट्रैफिक पुलिस की मिलीभगत से ही यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है?
जनता पूछ रही है सवाल?
अब जनता सीधे तौर पर सवाल कर रही है —
आखिर कब हटेंगे बीएमसी चौक और बस स्टैंड के आसपास बने अवैध टैक्सी स्टैंड?
बिजली चोरी पर कब होगी सख्त कार्रवाई?
या फिर प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








