Buland kesari/जालंधर में थाने के भीतर न्याय की उम्मीद लेकर पहुंची एक महिला और उसके परिवार पर दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा बेरहमी से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस स्टेशन के अंदर ही दबंगों ने उसकी बाजू तोड़ दी और उसके साथ जमकर मारपीट की। इस पूरी घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही और हमलावर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन पर मिलीभगत और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, उनका पहले से ही कोई विवाद चल रहा था, जिसके संबंध में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की छानबीन और राजीनामे की बात कहकर दोनों पक्षों को रात करीब 9 बजे थाने बुलाया था। पीड़िता अपने परिवार और बेटी के साथ थाने पहुंची थी ताकि इस मामले का कोई शांतिपूर्ण हल निकल सके।
पुलिस के सामने ही दबंगों ने किया हमला
पीड़िता का आरोप है कि जब वे थाने के भीतर बैठे थे, तभी दूसरे पक्ष के कई पुरुषों और महिलाओं ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने महिला के साथ बेहद बर्बरता से मारपीट की, जिसके कारण उसकी एक बाजू टूट गई। महिला के शरीर पर चोटों के गहरे निशान पड़ गए हैं।
वीडियो बनाने में व्यस्त रही पुलिस, आरोपी फरार
पीड़ित परिवार का कहना है कि जब थाने के अंदर यह खूनी खेल चल रहा था, तब वहां मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें बचाने के बजाय अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाने में व्यस्त थे। पुलिस की इस ढुलमुल कार्यप्रणाली का फायदा उठाकर हमलावर मारपीट करने के बाद बड़ी आसानी से पुलिस स्टेशन से भाग निकले।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल
घटना के आधा घंटा बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार थाने में ही बैठा रहा, लेकिन किसी भी ड्यूटी अफसर या पुलिसकर्मी ने उनकी सुध नहीं ली। पीड़िता का कहना है कि पुलिस न तो उनकी शिकायत दर्ज कर रही है और न ही उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेज रही है। पुलिसकर्मी लगातार अंदर-बाहर आ जा रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने को कोई तैयार नहीं है।
समझौते के लिए बनाया जा रहा दबाव
पीड़िता ने अंदेशा जताया है कि पुलिस अब आरोपियों को बचाने के लिए उन पर आपसी समझौते और माफीनामे का दबाव बना सकती है। महिला का कहना है कि उनकी बाजू तोड़कर उन्हें अपाहिज जैसा कर दिया गया है, ऐसे में वे किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेंगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई चाहती हैं।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








