Buland kesari/पंजाब में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे डिजिटल संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नाम पर अब साइबर ठगी होने लगी है। ठग सीजेपी के नाम पर लोगों को लिंक भेज रहे हैं और उसी से उन्हें ठगी का शिकार बना रहे हैं।
लुधियाना पुलिस ने आम लोगों को इस नए फ्रॉड से बचाने और जागरूक करने के लिए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर एक वीडियो भी जारी किया है।
42 सेकेंड के इस वीडियो में पुलिस अधिकारी अमरिंदर सिंह ने विस्तार से बताया है कि कैसे एक छोटी सी गलती लोगों को कंगाल बना सकती है।

पुलिस ने बताया, कैसे काम करता है यह नया स्कैम
पुलिस के मुताबिक साइबर ठग लोगों को वॉट्सऐप पर एक मैसेज भेज रहे हैं। इस मैसेज में युवाओं को आकर्षित करने वाली बातें लिखी होती हैं, जैसे देश की पुकार सिस्टम बदलने का समय आ गया है और युवाओं के लिए बड़ी अपॉर्चुनिटी । इसके साथ ही मैसेज में ‘कॉकरोच जनता पार्टी जॉइन करने की अपील की जाती है और नीचे एक लिंक दिया होता है।
लिंक पर क्लिक करते ही हैक हो जाता है फोन
वीडियो में अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि वॉट्सऐप पर भेजा जा रहा यह लिंक दरअसल एक फिशिंग लिंक है। जैसे ही कोई व्यक्ति भावनाओं में बहकर या उत्सुकतावश इस लिंक पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल फोन तुरंत हैक हो जाता है।
फोन हैक होते ही पीड़ित के फोन में मौजूद सारी बैंकिंग डिटेल्स पासवर्ड और निजी डेटा सीधा स्कैमर्स (ठगों) के पास पहुंच जाता है।इस डेटा का इस्तेमाल करके ठग न सिर्फ बैंक खाते से सारे पैसे ट्रांसफर कर लेते हैं, बल्कि पीड़ित के नाम पर लाखों रुपये का लोन भी ले सकते हैं।
लुधियाना पुलिस ने वीडियो जारी कर ये अपील की
पुलिस कमिश्नरेट लुधियाना ने शहरवासियों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर चल रहे किसी भी ट्रेंड या जज्बाती मैसेज के बहकावे में आकर अनजान लिंक्स पर बिल्कुल भी क्लिक न करें। यह आपकी जिंदगी भर की कमाई मिनटों में साफ कर सकता है।
ठगी होने पर क्या करें?
अगर गलती से किसी व्यक्ति के साथ ऐसी कोई साइबर धोखाधड़ी हो जाती है तो घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर डायल करें। समय पर शिकायत दर्ज कराने से बैंक खाते से उड़े पैसों को होल्ड करवाकर वापस लाने की संभावना बढ़ जाती है।
कॉकरोच जनता पार्टी के बारे में जानिए…
कैसे बनी पार्टी
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत कटाक्ष के तौर पर हुई थी। CJP अपनी वेबसाइट पर खुद को उन लोगों की राजनीतिक पार्टी बताती है, जिन्हें व्यवस्था ने कभी गिनती में नहीं लिया। वेबसाइट पर लिखा है- पांच मांगें, कोई स्पॉन्सर नहीं, लेकिन बड़ा और जिद्दी झुंड।
वेबसाइट में मैनिफेस्टो, विजन, एलिजिबिलिटी और कॉन्टैक्ट जैसे सेक्शन भी हैं। खुद को यह आलसी और बेरोजगारों की आवाज भी बताती है। इसका नारा है- ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी।’ इसका लोगो भी बनाया गया था।
कॉकरोच जनता पार्टी ने पार्टी जॉइन करने के लिए 4 जरूरी योग्यताएं रखी हैं- अनइम्प्लॉइड, लेजी, क्रॉनिकली ऑनलाइन, एबिलिटी टू रैंट प्रोफेशनली।
पार्टी को लेकर बड़ी बातें जानिए…
- 16 मई को कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP की वेबसाइट लॉन्च हुई। 48 घंटों में ही 40,000 रजिस्ट्रेशन हो गए। अभी 4 लाख से ज्यादा मेंबर्स हैं।
- 6 दिनों में CJP के इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए। BJP के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर 91 लाख और कांग्रेस के 1.3 करोड़ फॉलोअर्स हैं।
- CJP के X अकाउंट पर 21 मई को भारत में रोक लग गई थी। सिर्फ 4 दिन में इस पर करीब 2 लाख फॉलोअर्स थे। दूसरा हैंडल @Cockroachisback बनाया गया। 24 घंटे में ही दोबारा करीब डेढ़ लाख फॉलोअर्स हो गए हैं।
- यह कैंपेन स्क्रीन से बाहर भी निकला। CJI के बयान के तीन दिन बाद ही CJP के समर्थक दिल्ली के कालिंदी कुंज घाट पहुंचे। हाथ में झाड़ू, गले में ‘I am a Cockroach’ का पोस्टर।कॉकरोच की पोशाक में युवाओं ने यमुना के किनारे से कचरा और प्लास्टिक साफ किया।
- 22 मई को CJP ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के लिए एक ऑनलाइन पिटीशन शुरू की है, जिस पर 4 लाख से ज्यादा लोगों ने साइन कर दिए हैं।
- राजनीतिक गलियारों में भी हलचल है। TMC सांसद महुआ मोइत्रा और कीर्ति आजाद ने इस मूवमेंट से जुड़ने की बात कही। सीनियर वकील प्रशांत भूषण, आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने भी सपोर्ट किया।
- सपा मुखिया अखिलेश यादव ने X पर लिखा- BJP v CJP। यानी विपक्ष के बड़े नेता भी कॉकरोच पार्टी की धमक को नजरअंदाज नहीं कर पा रहीं।
महाराष्ट्र के रहने वाले अभिजीत इसके फाउंडर
इसके फाउंडर 30 साल के अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद उन्होंने अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन से मास्टर्स किया। वो अभी अमेरिका में ही रहते हैं।
अभिजीत 2020 से 2022 तक AAP के सोशल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट रहे हैं। 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में AAP के लिए वायरल मीम बेस्ड ऑनलाइन प्रचार का मटेरियल बनाते थे। अभिजीत पहले भी किसान आंदोलन से लेकर महंगाई जैसे राजनीतिक मुद्दों पर केंद्र सरकार और पीएम पर निशाना साधते रहे हैं।
मैनिफेस्टो में 5 बड़े वादे
अगर CJP सत्ता में आई, तो किसी भी रिटायर्ड चीफ जस्टिस को राज्यसभा भेजने जैसी “इनाम वाली राजनीति” खत्म कर दी जाएगी।
किसी भी वैध वोट को डिलीट करने पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ UAPA के तहत कार्रवाई होगी। पार्टी का कहना है कि वोटिंग राइट छीनना लोकतंत्र पर हमला है।
महिलाओं को सिर्फ 33% नहीं, बल्कि 50% आरक्षण दिया जाएगा। यह आरक्षण संसद से लेकर कैबिनेट तक लागू होगा और इसके लिए सांसदों की संख्या भी नहीं बढ़ाई जाएगी।
अंबानी और अडाणी समूह से जुड़े सभी मीडिया संस्थानों के लाइसेंस रद्द करने की बात कही गई है, ताकि “स्वतंत्र मीडिया” को जगह मिल सके। साथ ही कथित ‘गोदी मीडिया’ एंकरों के बैंक अकाउंट्स की जांच कराने का भी वादा किया गया है।
कोई विधायक या सांसद अगर दलबदल करता है, तो उस पर चुनाव लड़ने से रोक लगाने और अगले 20 साल तक किसी भी पब्लिक ऑफिस का पद न देने की बात कही गई है।

CJI ने कहा था- कुछ युवा कॉकरोच की तरह भटक रहे
15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने एक याचिका पर सुनवाई के दौरान युवाओं पर टिप्पणी की थी। LiveLaw के मुताबिक, CJI सूर्यकांत ने कहा, ‘कॉकरोच की तरह ऐसे युवा हैं, जिन्हें इस पेशे में रोजगार नहीं मिल रहा है। इनमें से कुछ मीडिया, कुछ सोशल मीडिया और कुछ RTI और दूसरे तरह के एक्टिविस्ट बन रहे हैं। ये हर किसी पर हमला करना शुरू कर देते हैं।’
इसके अगले दिन कोकरोच जनता पार्टी नाम से डिजिटल पहल शुरू हुआ। वहीं CJI ने अपने बयान पर विवाद बढ़ने पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








