Buland kesari/पंजाब से राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह मोहाली में किडनैप हुई बच्ची पर पोस्ट करते ही ट्रोल हो गए। मोहाली में बुधवार को बच्ची की दिनदहाड़े किडनैपिंग हुई थी, जिसपर हरभजन भज्जी ने एक्स पर लिखा- पंजाब में ये क्या हो रहा है। DGP पंजाब इस मसले को देखें और बच्ची के परिवार की मदद करें।
जैसे ही भज्जी ने ये पोस्ट की तो बीएस दारा नामक यूजर ने लिखा कि जब सेलिब्रिटी और राजनेता जमीनी हकीकत से दूर रातों-रात अपनी विचारधाराएं बदलते हैं, तो जनता का अपनी समस्याओं को लेकर चिंतित होना और जवाबदेही की मांग करना पूरी तरह स्वाभाविक है।
इस पर भज्जी ने जवाब दिया कि क्या बात है सरदार जी, इसका मतलब कि आप किडनैपिंग को सही मानते हो। इसके बाद मनीष नामक यूजर ने कहा कि जब तुम AAP में थे तो क्या इस तरह के मुद्दे उठाते थे। इस पर भज्जी ने कहा कि पहले फेक्ट चेक करो फिर बात करो। वहीं एक यूजर ने कहा- भज्जी आप अब हमें लेक्चर न दें।

AAP छोड़ने के बाद अचानक भज्जी ट्रोलर्स के निशाने पर
बता दें कि कुछ समय पहले पंजाब के 6 राज्यसभा सदस्य आम आदमी पार्टी को छोड़कर भाजपा के पाले में चले गए थे। इनमें हरभजन का नाम भी शामिल है। पंजाब से राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने दावा किया था कि हरभजन भी भाजपा जाइन करेंगे।
हालांकि, हरभजन का इसे लेकर सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया। AAP छोड़ने के बाद हरभजन ने जैसे ही पंजाब के मुद्दे पर डीजीपी को एक्स पर पोस्ट किया तो वो ट्रोलर के निशाने पर आ गए। कुछ यूजर्स ने उनके खिलाफ पोस्ट कर गुस्सा भी निकाला और पार्टी छोड़ने वाला बताया।
इससे पहले भी हरभजन के घर के बाहर दीवारों और गेट पर गद्दार लिखा गया। जालंधर में आम आदमी पार्टी वर्करों गद्दार के नारे लगाए और घर के बाहर प्रदर्शन किया।

हरभजन की सिक्योरिटी पर भी हुआ था विवाद
आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद हरभजन के जालंधर की छोटी बारादरी स्थित घर के बाहर से पंजाब सरकार ने अपनी सिक्योरिटी वापस ले ली थी। इसके तुरंत बाद केंद्र सरकार ने सीआपीएफ के जवाब सिक्योरिटी में तैनात कर दिए थे। सिक्योरिटी हटाने के मामले में भज्जी ने हाईकोर्ट का रूख किया। बुधवार को ही हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से सिक्योरिटी हटाने पर जवाब मांगा है।
मोहाली में बच्ची किडनैपिंग का ये है मामला…

मोहाली में साढ़े 4 साल की बच्ची को उसके दादा-दादी के सामने से दिनदहाड़े अगवा कर लिया गया। कार में आए लोग जबरन बच्ची को उठाकर ले गए। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बच्ची स्कूटी पर अपने दादा-दादी के साथ थी। इसी दौरान दो युवक बाइक पर आए और बच्ची को छीनने की कोशिश की, लेकिन स्कूटी गिर गई।
इसी बीच एक कार आई और उसमें से निकले युवक बच्ची को उठाकर ले गए। इस दौरान काफी हंगामा हुआ। दादा-दादी बच्ची को छुड़ाने के लिए कार के आगे लटक गए, लेकिन ड्राइवर कार को आगे बढ़ाते हुए ले गया। बच्ची के पिता ने कहा कि मां की जांघ और पिता की बाजू में फ्रैक्चर आया है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
SP मनप्रीत सिंह ने कहा कि बच्ची का अपहरण उसकी मां और मामा ने ही किया था। पुलिस ने 6 घंटे के भीतर बच्ची को उसकी मां के पास से बरामद कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि माता-पिता के बीच विवाद चल रहा है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








