Buland kesari/लुधियाना के जगराओं के होटल मालिक ने कूरियर कंपनी की महिलाकर्मी के साथ मारपीट कर दी। महिला ने कहा कि वह उसे घर पर पार्सल देने गई रही थी, लेकन वापस लौटते समय गार्ड ने उनसे कहा कि ‘साहिब आपको अंदर बुला रहे हैं।’
जैसे ही वह घर के अंदर गईं, आरोपी ने उनका हाथ पकड़ लिया, अंदर खींचा और उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें होटल कारोबारी महिला का गला पकड़कर अपने घर के अंदर ले जाने की कोशिश करता हुआ दिख रहा है।
हालांकि इससे पहले होटल मालिक ने बाकायदा महिला कर्मी का घर से निकलते हुए का वीडियो जारी किया था। जिसमें उसने कहा था कि वह निर्दोष है। लेकिन अब नई सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस ने अभी उसे गिरफ्तार नहीं किया।

पहले जानिए वीडियो में दिख रहा…
वीडियो की शुरुआत में, होटल मालिक कूरियर कंपनी की महिला कर्मी की गर्दन और हाथ पकड़कर उसे जबरदस्ती गेट के पास खींचता हुआ दिखाई दे रहा है। वहां एक सुरक्षाकर्मी और दो अन्य व्यक्ति भी मौजूद हैं। महिला खुद को छुड़ाने की कोशिश करती है, लेकिन वह व्यक्ति उसे धकेलता है। इसके बाद महिला वहां खड़ी नीली रंग की स्कूटी के पास चली जाती है।
महिला वहां से चली जाती है। होटल मालिक और सुरक्षाकर्मी वहीं खड़े रहते हैं। उसके बाद होटल मालिक लड़की के पीछे चले जाता है और वहां पर बहस होती है। इस बीच, एक अन्य महिला जो नीले रंग के सूट में है, गेट के पास आकर खड़ी हो जाती है और बाहर की तरफ देखने लगती है।
कूरियर गर्ल वापस आती है, उसके हाथ में एक सफेद रंग का पार्सल/थैला है। वह गेट के पास खड़ी नीले सूट वाली महिला से बात करने लगती है। तभी होटल मालिक उस पर झपटता है और उसे बहुत तेजी से पीछे की तरफ धकेलता है। धक्का लगने के कारण महिला जमीन पर खड़ी स्कूटी के ऊपर गिर जाती है। काली टी-शर्ट वाला सुरक्षाकर्मी सफेद शर्ट वाले व्यक्ति को पकड़कर पीछे हटाता है, ताकि मामला शांत हो सके।

मारपीट की घटना सिलसिलेवार पढ़िए…
- पार्सल गेट पर देकर चली गई थी: मामला जगराओं की हीरा बाग कॉलोनी का है। पीड़िता कर्मजीत कौर ने बताया कि वह पिछले लगभग चार साल से एक निजी कूरियर कंपनी में काम करती हैं और घर-घर जाकर पार्सल डिलीवर करती हैं। 10 जून को वह हीरा बाग की गली नंबर 6 स्थित मनमोहन कत्याल के घर पार्सल देने गई थीं। पार्सल की राशि पहले ही ऑनलाइन जमा हो चुकी थी, इसलिए उन्होंने पार्सल घर के बाहर मौजूद सुरक्षा गार्ड को सौंप दिया था।
- होटल मालिक ने अंदर बुलाया: महिला का आरोप है कि वापस लौटते समय गार्ड ने उनसे कहा कि ‘साहिब आपको अंदर बुला रहे हैं।’ जैसे ही वह घर के अंदर गईं, आरोपी ने उनका हाथ पकड़ लिया, उन्हें खींचा और उसके साथ मारपीट की। महिला किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रही।
- पुराने पार्सल को लेकर हुआ विवाद: महिला कर्मी का कहना है कि होटल मालिक ने उसे घर के अंदर बुलाया और एक पिछले पार्सल की बात करने लगा। जिस पर उसने होटल कारोबारी को कहा कि उसका काम सिर्फ डिलीवरी देना है। इसके लिए आप कंपनी के लोगों से बातचीत करें। महिला कर्मी का कहना है कि इसी बात को लेकर होटल मालिक ने उसके साथ बत्तमीजी शुरू कर दी थी।
- गली में दोबारा गला पकड़ा: पीड़ित महिला कर्मी का कहना है कि जब वो घर से बाहर निकली तो होटल मालिक पीछे से आया और उसने गली में फिर से उसे गले से पकड़ा और घर के अंदर घसीटने की कोशिश करने लगा। महिला ने खुद को बचाया और वहां से निकल गई।
- एसएसपी को शिकायत दी: महिला का कहना है कि घटना के बाद वह सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंचीं, जहां से उन्हें संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। इस घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
- संगीन धाराओं में केस दर्ज: महिला की लिखित शिकायत और जांच के बाद पुलिस ने आरोपी होटल मालिक मनमोहन कत्याल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बस स्टैंड चौकी प्रभारी आत्मा सिंह के अनुसार, आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 74, 351(2) और 296 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
कारोबारी ने वीडियो जारी कर खुद को बताया था निर्दोष
इससे पहले कारोबारी ने एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि एक छोटी-सी बात को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है, ताकि उसे बदनाम किया जा सके। उसने कहा कि असल मुद्दा कूरियर के नाम पर हो रही कथित ठगी का है, लेकिन उस पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा।
होटल मालिक के अनुसार, कूरियर कंपनी के कर्मचारी कंप्यूटर पर खुद पर्ची बनाकर लोगों से पैसे वसूलते हैं। उसने बताया कि जब कूरियर कर्मी उसके घर आई तो उसने उसे बुलाकर पूछा कि यह कथित ठगी कैसे होती है। इस पर महिला ने उसे अपने मैनेजर से बात करने को कहा। होटल मालिक का दावा कि उसने महिला से कहा कि उससे 500-700 रुपए लिए गए हैं, इसलिए वह उसी से पूछताछ कर रहा है कि यह रकम आगे किसे दी गई। महिला ने जवाब दिया कि उसने पैसे मैनेजर को दिए हैं।
उसने आगे कहा कि जब उसने पूछा कि मैनेजर ने पैसे किसे दिए, तो महिला ने यह बताने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने महिला से उसका पता, फोन नंबर और अन्य जानकारी मांगी। होटल मालिक का दावा है कि पूछताछ के दौरान महिला घबरा गई और मैनेजर का नाम बताने से भी मना कर दिया। उसके अनुसार, महिला बाद में आराम से उसके घर से बाहर चली गई और कथित ठगी को छिपाने के लिए पुलिस में शिकायत दे दी।
होटल मालिक ने यह भी दावा किया कि महिला ने पुलिस अधिकारियों को उसके खिलाफ गलत जानकारी दी और गलत हरकतों के आरोप लगाए। उसने कहा कि उसके पास घटना से जुड़े सभी सबूत और वीडियो मौजूद हैं तथा उस समय उसका पूरा परिवार भी घर में मौजूद था।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








