Buland kesari/चंडीगढ़ की एक स्टूडेंट से उसके बॉयफ्रेंड के दोस्त ने लुधियाना के होटल में रेप किया। आरोपी ने उसे कहा कि उसके बॉयफ्रेंड के दूसरे लड़कियों से अवैध संबंध हैं, जिन्हें मिलाने के बहाने होटल बुलाया था। वहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसे बेहोश कर दिया। संबंध बनाकर उसका वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।
स्टूडेंट ने कहा कि वह रेप करने वाले को भाई मानती थी। जब रेप के बाद उसने पूछा कि ये क्या कर दिया तो उसने कहा कि बस हो गया। करीब 8 महीने से वह स्टूडेंट को ब्लैकमेल कर रहा था, जिसके बाद उसने बॉयफ्रेंड को पूरी बात बताई। स्टूडेंट ने अब हिम्मत जुटाई और चंडीगढ़ एसएसपी को इस मामले की शिकायत दी।
चंडीगढ़ में स्टूडेंट की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर लुधियाना डिवीजन नंबर पांच में ट्रांसफर कर दी गई है। लुधियाना पुलिस ने नशीला पदार्थ पिलाकर स्टूडेंट का रेप करने की धाराओं के तहत मोगा के रहने वाले महक के खिलाफ पर्चा दर्ज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़िता की जुबानी वारदात की सिलसिलेवार कहानी जानिए…
चंडीगढ़ में रहती है पीड़िताः पीड़िता अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ में रहती है और एक प्रोफेशनल कोर्स कर रही है। उसकी एक लड़के के साथ 2 साल से दोस्ती है। दोनों एक दूसरे को प्यार करते हैं। दोनों के परिवार उनकी शादी के लिए तैयार हो गए हैं।
बॉयफ्रेंड का दोस्त है आरोपी महकः पीड़िता के साथ जिस आरोपी महक ने धोखे से रेप किया है वो उसके बॉयफ्रेंड का दोस्त है। वो कई बार बॉयफ्रेंड के साथ पीड़िता को मिल चुका है। यही नहीं बॉयफ्रेंड की गैरमौजूदगी में वह कई बार उसे इंस्टीट्यूट से घर छोड़ने व लेने भी जाता था। पीड़िता का कहना है कि वो उसे भाई मानती थी।
आरोपी ने कहा प्रूफ दे दूंगा: पीड़िता ने बताया कि आरोपी महक काफी समय से उसके बॉयफ्रेंड के बारे में गलत बोल रहा था। एक दिन उसने कहा कि वो प्रूफ दे देगा और उन लड़कियों से उसे मिलाएगा, जिनके साथ उसके बॉयफ्रेंड ने गलत किया है। पीड़िता ने कहा कि उसका बॉयफ्रेंड और वो शादी करने की प्लानिंग कर रहे थे तो उसे लगा कि एक बार देखें तो सही कि आखिर वो लड़कियां कौन हैं।
लड़कियों से मिलने लुधियाना बुलायाः स्टूडेंट ने बताया कि नवंबर 2025 में वो लुधियाना अपने रिश्तेदार के घर आई थी तो आरोपी को पता चल गया। उसने कहा कि तुम लुधियाना आई हो तो आओ तुम्हें लड़कियों से मिला देता हूं। उसने बताया कि आरोपी ने कुछ लड़कियों से भी उसकी बात करवाई। आरोपी ने उसे बस स्टैंड के पास एक कमरे में बुलाया।
वहां पहुंची तो नहीं थी लड़कियां: स्टूडेंट ने बताया कि जब वो आरोपी के बताए कमरे में पहुंची तो वहां पर कोई लड़कियां नहीं थी। जब उससे लड़कियों के बारे में पूछा तो उसने कहा अभी आ रही हैं रूक जाओ। काफी देर इंतजार करने के बाद भी लड़कियां नहीं आई। स्टूडेंट ने बताया कि वो बाहर निकलने लगी तो उसने कहा कुछ देर रुको, आ जाएंगी। इतने में आरोपी कोल्ड ड्रिंक लेकर आया और उसने उसे पिला दिया।
होश आया तो पता चलाः स्टूडेंट ने बताया कि वो कुछ देर बाद बेहोश हो गई। उसके बाद उसे कुछ नहीं पता कि क्या हुआ। जब कुछ देर बाद उसे होश आया तो उसे पता चला कि आरोपी ने उसके साथ रेप कर दिया है। उसने बताया कि जब आरोपी से पूछा कि ये क्या कर दिया मैं तो उसे भाई मानती थी तो आरोपी ने कहा कि हो गया, अब किसी को बताना मत।
अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी: स्टूडेंट ने बताया कि जब उसने कहा कि वो अब पुलिस को इस बारे में शिकायत देगी तो उसने जान से मारने की धमकी दी और कहा कि चुपचाप यहां से चंडीगढ़ चली जा नहीं तो उसे जान से मार देगा। आरोपी उसके बाद भी उसके बॉयफ्रेंड के बारे में गलत बोलता रहा और उसे मिलने को कहता रहा। स्टूडेंट ने बताया कि जब उसने मिलने से मना किया तो आरोपी ने कहा कि उसके पास उसकी अश्लील वीडियो हैं। अगर तूने इस बारे में किसी को बताया तो वो वीडियो वायरल कर देगा।
डिप्रेशन में चली गई: स्टूडेंट ने बताया कि
वो इस घटना के बाद डिप्रेशन में चली गई। धीरे-धीरे उसने इस बारे में अपने बॉयफ्रेंड को बताया, लेकिन उसने भी विश्वास नहीं किया और कहा कि इस बारे में प्रूफ दे नहीं तो वो उससे बात नहीं करेगा। स्टूडेंट ने बताया कि उसने कुछ प्रूफ उसे दिए और तब जाकर उसे विश्वास हुआ। उसने बताया कि बॉयफ्रेंड के सहयोग से ही वो शिकायत दे पाई।
एसएसपी चंडीगढ़ को दी शिकायतः स्टूडेंट ने बताया कि उसने एसएसपी चंडीगढ़ को शिकायत दी। उसके बाद पुलिस ने चंडीगढ़ में जीरो एफआईआर दर्ज करके जांच के लिए लुधियाना ट्रांसफर कर दी।
आरोपी को जल्द करेंगे गिरफ्तार
थाना डिवीजन नंबर-5 के जांच अधिकारी बलविंदर सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ से इस मामले में जीरो एफआईआर प्राप्त हुई है। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.









