Buland kesari/अमेरिका-भारत मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान आज चंडीगढ़ पहुंच गए। सेक्टर-35 स्थित किसान भवन से भाजपा कार्यालय की ओर मार्च निकाल रहे किसानों को पुलिस ने बीच रास्ते में बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की व झड़प हुई।
यह प्रदर्शन संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से आयोजित किया गया था, जिसमें पंजाब के जिलों से बड़ी संख्या में किसान शामिल होने पहुंचे। जैसे ही किसान विकास भवन से आगे बढ़ने लगे, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई।
हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद किसानों ने वहीं सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने बीजेपी के प्रधान जतिंदर मल्होत्रा को मौके पर बुलाकर किसानों से मीटिंग करवाई। इसके बाद किसान शांत हुए।
चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जतिंदर मल्होत्रा ने कहा कि वह किसानों की मांगों को अच्छी तरह समझते हैं। इस संबंध में वह डीजीपी से बात करेंगे और किसानों को दो दिन के भीतर उचित जवाब दिया जाएगा।
देखिए प्रदर्शन की 2 PHOTOS:-

3 पॉइंट में जानिए किसान नेताओं ने क्या कहा: –
- संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देशभर में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए। इसके तहत दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक कई स्थानों पर टोल प्लाजा फ्री कराने का कार्यक्रम रखा गया। जिन क्षेत्रों में टोल प्लाजा नहीं थे, वहां भाजपा कार्यालयों और पार्टी नेताओं के आवासों का घेराव करने का निर्णय लिया गया।
- चंडीगढ़ में किसान संगठनों ने सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव करने की योजना बनाई थी। इसके लिए विभिन्न किसान जत्थेबंदियां शहर में एकत्रित हुईं। किसान नेताओं का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें भाजपा कार्यालय पहुंचने से पहले ही रास्ते में रोक दिया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
- किसानों का कहना है कि प्रशासन ने उन्हें आश्वासन दिया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को मौके पर बुलाकर उनका मांगपत्र सौंपने की व्यवस्था की जाएगी। हालांकि, किसान नेताओं ने इसे अपर्याप्त बताते हुए कहा कि चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश है, इसलिए केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है कि किसानों की मांगों को गंभीरता से सुने और उन पर उचित कार्रवाई करे।
चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष बोले- किसानों की मांगों को अच्छी तरह समझते हैं
चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जतिंदर मल्होत्रा ने कहा कि किसानों की मांगों के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। कुछ मांगों का समाधान पहले ही किया जा चुका है। किसानों पर दर्ज मामलों को वापस लेने के मुद्दे पर मल्होत्रा ने कहा कि अधिकांश केस वापस लिए जा चुके हैं, लेकिन चंडीगढ़ में कुछ मामले अभी लंबित हैं। इस संबंध में वह डीजीपी से बात करेंगे और किसानों को दो दिन के भीतर उचित जवाब दिया जाएगा।
ट्रेड डील और शमलात जमीन के मुद्दे पर बातचीत का आश्वासन
अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर किसानों की चिंताओं पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर बैठकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। वहीं, शमलात जमीनों को नगर निगम में शामिल करने के मामले में किसानों की डिप्टी कमिश्नर (DC) के साथ बैठक कराने का आश्वासन दिया गया।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








