जालंधर में नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने 19 इलाकों में विशेष कॉसो ऑपरेशन चलाया। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया। दरअसल ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के निर्देशों पर डिप्टी कमिश्नर पुलिस इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों, ADCP सिटी-1 आकर्षि जैन, ADCP परमजीत सिंह के नेतृत्व में 19 प्रमुख इलाकों में विशेष अभियान चलाया गया।
यह सर्च ऑपरेशन हलका स्तर के जीओ की निगरानी में सब-डिविजन स्तर पर संचालित किया गया। इसमें एसएचओ समेत 220 पुलिस कर्मी शामिल रहे। इस दौरान विभिन्न टीमों का गठन करके नाकाबंदी और छापेमारी कर तलाशी ली गई। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने डेढ़ किलो हेरोइन, 500 ग्राम गांजा, 120 नशीली गोलियां और 110 नशीले कैप्सूल बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि नशीला पदार्थ विभिन्न स्थानों से पकडे गए 23 व्यक्तियों के कब्जे से बरामद किया गया। काबू किए गए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत कुल 23 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज किए गए हैं। अधिकारी ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमिश्नरेट पुलिस जालंधर प्रतिबद्ध है। नागरिकों की सुरक्षा के हित में इस प्रकार की कार्रवाइयां भविष्य में भी जारी रहेंगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








