Buland kesari/लुधियाना के फोकल पॉइंट फेज-5 स्थित लक्की कॉम्प्लेक्स के पास एक बेकाबू स्विफ्ट कार ने युवक की बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरा और कार उसे कुचलते हुए निकल गई। इस हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक के मामा योगराज मसीह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका 21 वर्षीय भांजा रोहित (निवासी न्यू सरपंच कॉलोनी, जमालपुर) हरनाम नगर मॉडल टाउन स्थित एक लैब में काम करता था। 29 जून 2026 को रोहित और योगराज अपना काम निपटाकर और सैंपल कलेक्ट करके अपनी लैब की ओर वापस लौट रहे थे।
आंखों के सामने उजड़ गया घर, नई बाइक बनी काल
योगराज ने बताया कि रोहित अपनी नई हीरो स्प्लेंडर बाइक पर उनसे थोड़ा आगे चल रहा था। जैसे ही वे फोकल पॉइंट फेज-5 स्थित लक्की कॉम्प्लेक्स के नजदीक पहुंचे, तभी पीछे से आई एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार (PB-11-BL-2730) के चालक ने बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार में बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। रोहित संतुलन खोकर सड़क पर जा गिरा और कार उसके ऊपर से गुजर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी तरनजीत सिंह गिरफ्तार
इस मामले में फोकल पॉइंट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक तरनजीत सिंह (निवासी बाबा दीप सिंह कॉलोनी, रॉयल एन्क्लेव, चंडीगढ़ रोड) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हादसे में शामिल कार और क्षतिग्रस्त बाइक दोनों को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने BNS की धारा 281, 106 और 324 (4) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की अगली जांच एएसआई मंजीत सिंह द्वारा की जा रही है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








