Buland kesari ;- यू.टी. पुलिस ऑपरेशन सैल की टीम ने इंटर स्टेट वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए किंगपिन समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की ओर से पकड़े गए चोर गिरोह के 3 सदस्यों के अलावा चौथा आरोपी वह स्क्रैप डीलर है, जो उनसे चोरी का माल खरीदता था।
आरोपियों की पहचान गिरोह के किंगपिन मनोज ठाकुर उर्फ मुन्ना (40) निवासी मुरादाबाद उत्तर प्रदेश, पंजाब के लुधियाना जिले के रहने वाले 57 वर्षीय असलम, यू.पी. के कानपुर जिले के रहने वाले 33 वर्षीय नवनीत और लुधियाना के रहने वाले स्क्रैप डीलर 36 वर्षीय जयप्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से चोरी की 11 वारदातों को सुलझा लिया गया है। पुलिस ने आरोपियो के कब्जे से एक बुलेट मोटर साइकिल समेत 5 बाइक, 3 एक्टिवा स्कूटर, 3 लग्जरी गाड़ियां और 8 गाड़ियों की बैटरियां बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार यू.टी. पुलिस की एस.पी. गीतांजलि खंडेलवाल के दिशा-निर्देशों और डी.एस.पी. विकाश शिओकंद की सुपरविजन में ऑपरेशन सैल के इंस्पैक्टर रंजीत सिंह की टीम ने 26 जून को राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण अनुसंधान संस्थान सैक्टर-26 के पास नाका लगा रखा था। चैकिंग के दौरान टीम ने एक मोटर साइकिल चालक को रोका। जिसने अपना नाम असलम बताया। जब पुलिस ने बाइक के कागजात चैक करवाने के लिए बोला तो दस्तावेज पेश करने में विफल रहा। रिकॉर्ड की जांच करने पर पाया गया कि उक्त मोटरसाइकिल चोरी की है। जो 15 जून को थाना आई.टी. पार्क क्षेत्र एरिया के अंतर्गत से चोरी हुई थी।
आरोपी असलम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया तथा मोटरसाइकिल कब्जे में ले ली। इसके अलावा पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसके गिरोह के 2 सदस्य चंडीगढ़ क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वर्तमान में उनके पास एक चोरी किया बुलेट मोटरसाइकिल हिमाचल नंबर का है।जिसे उन्होंने सैक्टर-22, चंडीगढ़ से चुराया था तथा वह मनीमाजरा चंडीगढ़ क्षेत्र में घूम रहे हैं। उसने आरोपियों का नाम नवनीत और मनोज उर्फ मुन्ना बताया। पुलिस ने तुंरत उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
चोरी की गाड़ियां विभिन्न पार्किंग एरिया में की थीं खड़ी
पूछताछ के दौरान आरोपी नवनीत, मनोज उर्फ मुन्ना और असलम ने खुलासा किया कि वह चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के क्षेत्र में विभिन्न वाहन चोरी के मामलों में शामिल रहे हैं। मनोज इस गिरोह का मास्टरमाइंड है। उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने चोरी की गई गाड़ियों को चंडीगढ़ के विभिन्न पार्किंग एरिया में पार्क किया है। वह वाहन को लुधियाना ले जाते थे और बैटरियां भी लुधियाना में बेच देते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया और दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड के दौरान उनकी निशानदेही पर अन्य चोरी की गई कई गाड़ियां बरामद कीं।
किंगपिन थाना 19 का है पी.ओ., दर्ज हैं 33 मामले
पता चला है कि पकड़ा गया किंगपिन मनोज उर्फ मुन्ना थाना 19 के चोरी के मामले का पी.ओ. भी है। आरोपी किंगपिन इसी साल हरियाणा के जिला अंबाला जेल से बाहर आया है और अपने साथियों के साथ मिलकर फिर चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। किंगपिन के खिलाफ पंजाब, हिमाचल हरियाणा और चंडीगढ़ में कुल 33 मामले दर्ज पाए गए हैं। आरोपी असलम के खिलाफ 12 और आरोपी नवनीत के खिलाफ एक मामला दर्ज पाया गया।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








