Buland kesari/लुधियाना जिले के धर्मपुरा इलाके में पार्किंग को लेकर हुआ विवाद जानलेवा हमले में बदल गया। यहां एक कार खड़ी करने को लेकर 2 दुकानदार आपस में भिड़ गए। बहस इतनी बढ़ी कि एक पक्ष ने दूसरे पर तेजधार चाकू से हमला कर दिया। कार सवार घायल दुकानदार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार यह मामला 24 दिसंबर का है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक दुकान के बाहर कार खड़ी थी। जब दूसरे दुकानदार ने कार खड़ी होने पर आपत्ति जताई और पूछा कि क्या कार यहीं खड़ी रहेगी तो इसी बात पर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि गाली-गलौज और थप्पड़ बाजी शुरू हो गई।



सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
वीडियो में नजर आ रहा है कि कार खड़ी करने को लेकर टोकने पर कार सवार दुकानदार ने गालियां देनी शुरू कीं। विरोध करने पर उसने दूसरे दुकानदार को थप्पड़ जड़ दिया। जवाब में पहले दुकानदार ने भी पलटकर वार किया।
इसी बीच तैश में आकर दुकानदार ने अपनी दुकान में पड़ा चाकू उठाया और कार सवार दुकानदार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और हमला करने वाले दुकानदार को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।
पुलिस की कार्रवाई: मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही थाना-3 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। SHO जगदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिल चुकी है। घायल की मेडिकल रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर जानलेवा हमले की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.







