+Buland kesari/लुधियाना जिले के जगराओं-रायकोट मुख्य मार्ग पर कमालपुर गांव के पास मानुके रजवाहा पर बने पुराने पुल के पुनर्निर्माण के कारण यह मार्ग लगभग एक महीने के लिए बंद रहेगा। नहरी विभाग ने यातायात के लिए नया रूट प्लान जारी किया है।
नहरी विभाग अखाड़ा के एक्सियन जिनेश गोयल ने बताया कि यह पुल ब्रिटिश शासनकाल में बना था और अब इसकी हालत जर्जर हो चुकी है। ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से हादसों का खतरा बना हुआ था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार का नहरी विभाग 45 लाख रुपये की लागत से इसका पुनर्निर्माण कर रहा है।

एक माह में होगा पुल का निर्माण
निर्माण कार्य सोमवार से शुरू होगा और इसे पूरा होने में लगभग एक माह का समय लगने की संभावना है। यह सड़क जगराओं को सतलुज दरिया के रास्ते मालवा क्षेत्र से जोड़ते हुए दोआबा से संपर्क स्थापित करती है। पुल के पुनर्निर्माण से जगराओं सहित पूरे पंजाब के व्यापार और यातायात को लाभ मिलेगा।

नहर विभाग ने जारी किया नया रोडमैप
नहरी विभाग द्वारा जारी रोडमैप के अनुसार, जगराओं से रायकोट जाने वाले वाहन रूमी, छज्जावाल, बुर्ज हरि सिंह और गोंडवाल होते हुए लुधियाना-बठिंडा रोड से रायकोट पहुंचेंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि वे नए रूट की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।
ट्रैफिक पुलिस ने भी रूट प्लान जारी किया
दूसरी ओर, ट्रैफिक पुलिस ने भी वाहन ड्राइवरों की सुविधा के लिए एक अलग रूट प्लान जारी किया है। ट्रैफिक इंचार्ज कुमार सिंह ने बताया कि कमालपुरा मेन रोड पर पुराने पुल को तोड़कर नया पुल बनाया जा रहा है, जिसके कारण सड़क एक माह के लिए बंद रहेगी।
गांव रूमी से छज्जावाल होते हुए रायकोट जा सकेंगे वाहन
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जगराओं से रायकोट जाने वाले वाहन गांव रूमी से छज्जावाल होते हुए रायकोट जा सकेंगे। रायकोट से जगराओं आने वाले वाहन कमालपुरा से लम्मा जट्टपुरा, मानुके और नानकसर होते हुए मुख्य हाईवे से जगराओं पहुंचेंगे।
ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील
बड़े और भारी वाहन जगराओं से दाखा होकर रायकोट जाएंगे तथा रायकोट से जगराओं आने वाले भारी वाहन भी दाखा मार्ग का उपयोग करेंगे। प्रशासन ने वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करें और निर्धारित रूट का ही उपयोग करें, ताकि किसी को असुविधा न हो।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








