Buland kesari/अमेरिका में सिख कुक की हत्या को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि किडनैपरों ने किसी और को उठाना था, लेकिन गलत पहचान के कारण वह अवतार सिंह को उठाकर ले गए। रास्ते में जाते हुए जब किडनैपरों ने उससे कुछ सवाल पूछे तो अवतार सिंह जवाब नहीं दे पाया।
किडनैपर्स ने अवतार सिंह को छोड़ने के बजाय उनकी हत्या कर दी। उसकी लाश अपहरण जगह से करीब 2 घंटे की दूरी पर स्थित लेक बेरीसा के पास हाइवे के किनारे फेंक दिया। जिसे तीन दिन बाद पुलिस ने बरामद किया।
पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया कि आखिर गुरुद्वारा साहिब परिसर से किडनैपरों ने किसे उठाना था। गलत पहचान के कारण अवतार सिंह की हत्या के बाद लोगों में दहशत है। अवतार सिंह के घर 6 महीने पहले ही 3 बच्चों ने जन्म लिया था।
बता दें कि अमेरिका के ट्रेसी शहर के गुरुद्वारा साहिब परिसर से लुधियाना के अवतार सिंह (57) को 17 फरवरी को किडनैप किया गया। किडनैपिंग के तीन दिन बाद यानी 20 फरवरी को उनका शव बरामद हुआ।

अमेरिकी जांच एजेंसियों ने कत्ल को लेकर क्या कहा…
- प्लानिंग के तहत किडनैप किया गया: इस मामले में कैलिफोर्निया प्रशासन के अलग-अलग डिपार्टमेंट से बयान जारी किए जा रहे हैं। बयान में इसे गलत पहचान के कारण हुई हत्या बताया जा रहा है। कैलिफोर्नियां पुलिस के अधिकारी शेरिफ विथ्रो का कहना है कि अवतार सिंह का अपहरण कोई रैंडम इंसीडेंट नहीं है। यह एक योजनाबद्ध तरीके से किया गया अपहरण था, लेकिन अपहरण करने वालों ने किसी और को किडनैप करना था।
- जवाब नहीं दे पाए तो साथ ले गए: शेरिफ विथ्रो ने कहा- किडनैपर्स का निशाना कोई और था। वो किसी और व्यक्ति की तलाश में थे। ऐसा लगता है कि जब अवतार सिंह ने उन्हें वे जवाब नहीं दिए, जिसे वो किडनैप करना चाहते थे तो किडनैपर उसे साथ ले गए। पुलिस अधिकारी ने अपने बयान में कहा है कि उन्हें बेहद दुख है कि किडनैपर्स ने अवतार सिंह की हत्या की और उनका शव बरामद हो गया है।पुलिस अधिकारी ने आश्वासन दिया कि पुलिस के डिटेक्टिव्स अवतार सिंह हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। जैसे ही पकड़े जाएंगे उन्हें कठोर सजा दिलाई जाएगी।
- गलती से किडनैप किया, 3 लोग दिखे: शेरिफ कार्यालय की प्रवक्ता हीदर ब्रैंट ने भी साफ किया कि अवतार सिंह किडनैपर्स के मुख्य टारगेट पर नहीं थे बल्कि उन्हें गलती से किडनैप कर दिया था। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में एक सफेद रंग की एसयूवी (SUV) और काले कपड़े पहने तीन अज्ञात व्यक्ति दिखाई दिए हैं। ब्रेंट के अनुसार अवतार सिंह को जबरन कार में बैठाया था।
- कहीं दूसरी जगह कत्ल कर झील में लाश फेंकी: नपा काउंटी के प्रवक्ता हेनरी वोफर्ड का कहना है कि शुरुआती जांच से संकेत मिलते हैं कि अवतार सिंह की मृत्यु नपा काउंटी में नहीं हुई थी। उन्हें कहीं और मारकर शव को झील के पास फेंका गया था। पुलिस ने जनता को आश्वस्त किया है कि यह एक अलग घटना है।
- विशेष समुदाय को टारगेट करने वाली बात नहीं: यह किसी एक विशेष समुदाय को टारगेट करके नहीं की गई है। उनका कहना है कि समुदाय के लिए फिलहाल कोई और खतरा नहीं है। पुलिस अब उन तीन संदिग्धों की तलाश कर रही है जो सफेद एसयूवी में देखे गए थे। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास भी इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो वे तुरंत सैन जोकिन काउंटी शेरिफ कार्यालय से संपर्क करें।

सिख कुक की किडनैपिंग का पता कैसे चला
- गुरुद्वारा साहिब के बाहर से हुआ अपहरण: अवतार सिंह के अपहरण की बात तब सामने आई, जब 17 फरवरी को उनकी पत्नी काम से लौटी और अवतार सिंह घर पर नहीं थे। उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधकों से संपर्क किया और उसके बाद पुलिस को शिकायत दी। अवतार सिंह शाम करीब 8:52 बजे लापता हुए। शिकायत के बाद पुलिस गुरुद्वारा परिसर में पहुंची।
- CCTV फुटेज मिली, संदिग्ध दिखे: पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले। जिसमें कुछ संदिग्ध लोग अवतार सिंह को सफेद रंग की एक्सयूवी जबरन बैठाते हुए दिखे। परिवार की शिकायत के बाद सैन जोआक्विन काउंटी शेरिफ ऑफिस ने अवतार सिंह व किडनैपिंग में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की एक्सयूवी कार की फोटो जारी की और पुलिस ने उन्हें ढूंढना शुरू किया

3 दुधमुहें बच्चे, कुक का काम कर रहे थे अवतार सिंह के तीन बच्चे हैं और तीनों का जन्म एक साथ करीब छह महीने पहले हुआ था। जानकारी के अनुसार इन बच्चों का जन्म शादी के 20 साल बाद हुआ। अब इन तीनों बच्चों के सिर से पिता उठ गया। अवतार सिंह पिछले कई वर्षों से टकसाल के नियंत्रण वाले गुरुद्वारा ‘गुरु नानक प्रकाश’ में कुक के रूप में सेवा कर रहे थे।
गुरुद्वारे के बाबा धुमा के अनुसार, वह लंबे समय तक चौक मेहता स्थित टकसाल के मुख्यालय ‘गुरुद्वारा गुरदर्शन प्रकाश’ में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। अवतार सिंह बुल्ट की हत्या के बाद उनके परिवार की आर्थिक मदद के लिए सिख समुदाय ने फंड जुटाना शुरू कर दिया है। सिख समुदाय गोफंडमी पोर्टल के जरिए उनके लिए फंड जुटा रहा है ताकि उनके परिवार को आर्थिक मदद मिल सके।

फंड जुटाने के लिए सिख समुदाय की ये अपील
“हमें यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि ट्रेसी गुरुद्वारा साहिब के प्रिय सेवादार, अवतार सिंह बुल्ट, जिनका अपहरण कर लिया गया था, उनकी दुखद मृत्यु हो गई है। एक बेहद चिंताजनक गुमशुदगी के रूप में जो शुरू हुआ था, उसका अंत उनके परिवार और पूरी संगत के लिए एक अकल्पनीय क्षति के रूप में हुआ है।”
अवतार सिंह जी ने 20 वर्षों से अधिक समय तक एक समर्पित सेवादार और लांगरी के रूप में गुरुद्वारा साहिब की निष्ठापूर्वक सेवा की। वह अपनी विनम्रता, शांत समर्पण और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे, जिससे हर कोई उन्हें अपने परिवार जैसा महसूस करता था। उनकी सेवा, ईमानदारी और अटूट विश्वास ने अनगिनत जीवनों को छुआ, और उनकी अनुपस्थिति हमारे समुदाय में एक गहरा शून्य छोड़ गई है।
उनके परिवार में उनकी पत्नी और उनके 6 महीने के तीन बच्चे हुए, जो अब एक समर्पित पति और पिता के बिना भविष्य का सामना कर रहे हैं। इस अत्यंत कठिन समय में, हम समुदाय से अपील करते हैं कि वे इस दुखद घड़ी में परिवार को संबल देने के लिए साथ आएं।
एकत्र की गई राशि का उपयोग आने वाले महीनों और वर्षों में उनकी पत्नी और बच्चों को स्थिरता प्रदान करने के लिए किया जाएगा। एक अकेली मां के रूप में एक बच्चे का पालन-पोषण करना भी चुनौतीपूर्ण होता है और तीन शिशुओं के साथ, यह जिम्मेदारी बहुत बड़ी है। आपकी उदारता, प्रार्थना और समर्थन इस युवा परिवार के लिए बहुत बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








