Buland kesari/मुख्यमंत्री भगवंत मान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो कह रहें कि सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र मिलने पर एक बेटी बेहद खुश हो रही है। बेटी अपना नियुक्ति पत्र हिलाते हुए गई और अपने पिता के गले लिपट गई।
ऐसा कहते हुए सीएम मान भी भावुक हो रहे हैं। वहीं अब उस वीडियो में दिख रही लड़की नमन (फाजिल्का) का परिवार सामने आया है और परिवार ने भी वीडियो के जरिए सीएम के दावे को गलत बता दिया। परिवार का कहना है कि नमन को अभी तक पंजाब पुलिस का नियुक्ति पत्र नहीं मिला है।
दरअसल मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक जनसभा के दौरान जिक्र किया था कि उन्होंने एक वीडियो देखी जिसमें पंजाब पुलिस का नियुक्ति पत्र मिलने के बाद एक बेटी अपने पिता के गले लगकर रो रही थी। CM ने कहा था उस बेटी ने जिस शिद्दत से अपने पिता को गले लगाया उसे देखकर आंखों में खुशी के आंसू आ गए।

परिवार बोला- रिश्तेदार डब्बे मांग रहे हम क्या दें
नमन की बहन ने एक वीडियो जारी कर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा CM साहब को किसी ने गलत खबर दे दी है। वह वीडियो तब की है जब मेरी बहन (नमन) ने सिर्फ फिजिकल ट्रायल क्लियर किया था। उसे नौकरी का नियुक्ति पत्र अभी नहीं मिला है।
सीएम साहब के वीडियो के बाद से हमें रिश्तेदारों के फोन आ रहे हैं कि मिठाई का डब्बा लेकर आओ CM ने नाम लिया है। अब हम उन्हें क्या जवाब दें फिजिकल ट्रायल क्लियर होने पर मिठाई नहीं बांटी जाती नौकरी मिलने पर बांटी जाती है।

सोशल मीडिया पर भी किया था कमेंट
परिवार का दावा है कि जब पहले भी सरकारी पेज पर यह वीडियो डालकर नौकरी मिलने की बात कही गई थी तब भी उन्होंने कमेंट करके बताया था कि अभी जॉब नहीं मिली है। CM साहब आपने हमारी वीडियो देखी हमें बहुत खुशी हुई।
पर आपके पास खबर गलत पहुंची। अब आपने बोल ही दिया है तो बस एक काम कर दो मेरी बहन को नियुक्ति पत्र भी दे ही दो ताकि हम सच में सबको मिठाई खिला सकें।

वीडियो शेयर करने की अपील
परिवार ने अब जनता से अपील की है कि इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर किया जाए ताकि यह मुख्यमंत्री भगवंत मान तक पहुंच सके और सच्चाई स्पष्ट हो सके। उन्होंने मजाकिया और भावुक लहजे में कहा कि टैग तो बहुत लोग लगा रहे हैं लेकिन असली खुशी तब होगी जब हाथ में नियुक्ति पत्र आएगा।
भाजपा ने अपने सोशल मीडिया पर की पोस्ट
पंजाब भारतीय जनता पार्टी लड़की की बहन द्वारा बनाया गया वीडियो अपने फेसबुक पेज पर शेयर की और पंजाब के मुख्यमंत्री पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने आप सरकार पर फर्जी दावे करने का भी आरोप लगाया है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








