Buland kesari/लुधियाना जिले में देहात पुलिस ने रायकोट-बरनाला चौक पर वाहन चालकों से पैसे मांगने के आरोप में एक एएसआई और एक होमगार्ड को लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद की गई, जिसमें दोनों पुलिसकर्मी चेकिंग के नाम पर पैसे मांगते दिख रहे थे।
बता दे कि वायरल वीडियो के मुताबिक, एएसआई सिकंदर सिंह और होमगार्ड जसवीर सिंह रायकोट-बरनाला चौक पर नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रहे थे। आरोप है कि वे वाहन ड्राइवरों से ‘एंट्री फीस’ वसूल रहे थे। वीडियो में दावा किया गया है कि एक हजार रुपये की मांग की जा रही थी और पैसे न देने पर 20 हजार रुपए का चालान काटने की धमकी दी जा रही थी।

पैसे नहीं देने पर चालान की दी धमकी
वीडियो में यह भी बताया गया है कि यदि कोई वाहन ड्राइवर पैसे देने से इनकार करता था, तो उस पर चालान काटने का दबाव बनाया जाता था, ताकि डर के कारण वह पैसे देने को मजबूर हो जाए। वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद, एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता ने मामले का संज्ञान लिया और दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।
दोनों पुलिसकर्मियों को किया लाइन हाजिर
इस मामले पर डीएसपी हैडक्वार्टर गोपाल किशन ने जानकारी दी कि वीडियो सामने आने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के लिए नाका लगाया था, लेकिन अभी तक पैसे लेने के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








