Buland kesari/लुधियाना में एक महिला को 5 लाख रुपए की फिरौती न देने पर उसके 9 साल के बेटे को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने घर में घुसकर चोरी भी की और जाते समय गेट पर ताला लगाकर फोटो भेजकर डराया।
सऊदी में काम कर रहे पति को आया कॉल
शिकायतकर्ता जीनत बेगम, पत्नी इकबाल सिंह खगुड़ा, निवासी गांव सुनेत ने पुलिस को बताया कि उनका पति पिछले 4 साल से सऊदी अरब में काम करता है। 18 अप्रैल 2026 को उनके पति को एक कॉल आई, जिसमें आरोपी मनी कुमार ने 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी। पैसे न देने पर उनके 9 वर्षीय बेटे सुखजोत सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई।
घर में घुसकर चोरी, गेट पर ताला लगाकर दी धमकी
पीड़िता के अनुसार, 20 अप्रैल को वह अपने बेटे के साथ रिश्तेदारी में गई हुई थीं। इसी दौरान आरोपी मनी कुमार अपने 3 साथियों के साथ उनके घर में घुस गया। आरोपियों ने घर से 1 मोबाइल फोन, 2 सिलेंडर, जरूरी दस्तावेज, करीब 20,000 कैश चोरी कर लिए। जाते समय घर के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और फोटो भेजकर धमकियां दीं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
आरोपियों की पहचान मनी कुमार निवासी सुनेत और 3 अज्ञात साथियों के रूप में हुई है। थाना सराभा नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 308(6), 305, 351(3), 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार दहशत में
घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








